धनतेरस 2025: इन चीज़ों को घर लाने से बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा, होगा सुख-समृद्धि का आगमन

KNEWS DESK- कार्तिक मास का धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इस पावन महीने में अनेक त्योहारों की धूम रहती है और उनमें से एक प्रमुख पर्व है धनतेरस, जिसे धन त्रयोदशी भी कहा जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की विशेष पूजा की जाती है ताकि घर में धन, वैभव और समृद्धि का वास हो।

वैदिक पंचांग के अनुसार इस वर्ष धनतेरस का पर्व 18 अक्टूबर 2025, शुक्रवार को मनाया जाएगा। त्रयोदशी तिथि का आरंभ 18 अक्टूबर को दोपहर 12:18 बजे होगा वहीं त्रयोदशी तिथि का समापन 19 अक्टूबर को दोपहर 01:51 बजे होगा। इस अवधि में शुभ मुहूर्त देखकर खरीदारी और पूजन किया जा सकता है।

धनतेरस पर घर लाएं ये शुभ वस्तुएं, मिलेगा सौभाग्य

सोना और चांदी

धनतेरस पर सोना या चांदी खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि जो भी व्यक्ति इस दिन सोने-चांदी का सामान खरीदता है, उसके जीवन में मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहती है। ये धातुएं संपन्नता और सुरक्षा का प्रतीक मानी जाती हैं।

माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की मूर्ति

धनतेरस के दिन माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की नई मूर्तियाँ खरीदकर उन्हें घर लाना बहुत लाभकारी होता है। पूजा के समय इन मूर्तियों का उपयोग करने से धन, ऐश्वर्य और व्यापार में वृद्धि होती है।

पीतल के बर्तन

इस दिन पीतल के बर्तन लाने का विशेष महत्व है। यह माना जाता है कि इससे घर में धन का प्रवाह बढ़ता है और जीवन में आने वाली वित्तीय बाधाएं दूर होती हैं। पूजा में भी पीतल के पात्रों का प्रयोग शुभ फलदायी होता है।

पीली कौड़ी

धनतेरस पर पीली कौड़ी खरीदकर तिजोरी या पूजा स्थान में रखने से धन-धान्य में वृद्धि होती है। यह आर्थिक उन्नति और सुख-सौभाग्य का प्रतीक मानी जाती है। ऐसी मान्यता है कि जहां पीली कौड़ी होती है, वहां दरिद्रता नहीं टिकती।

ऐसी आस्था है कि धनतेरस पर जो कोई भी सच्चे मन से माता लक्ष्मी की उपासना करता है, उसके बिगड़े काम बनते हैं, रुके हुए कार्यों में गति आती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। इस दिन की गई पूजा से वर्षभर के लिए आर्थिक स्थिरता और सौभाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है।