शिव शंकर सविता- पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार अब “जंगलराज” का पर्याय बन चुकी है। उत्तर प्रदेश सहित अन्य भाजपा शासित राज्यों में अपराध की बाढ़ आ गई है। एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए मौर्य ने कहा कि अपराध के मामलों में यूपी देश में सबसे ऊपर है।
16601 अपहरण के मामले हुए दर्ज
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16,601 अपहरण की घटनाएं दर्ज की गईं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं। दहेज हत्या के मामलों में भी यूपी शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है। हत्या के मामलों में उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर है जबकि बिहार दूसरे स्थान पर है। महिलाओं पर अपराध के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं — रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराधों में करीब 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने आगे कहा कि दलित उत्पीड़न के मामलों में भी यूपी सबसे आगे है। राज्य में 15,368 दलित उत्पीड़न की घटनाएं हुईं, जो देशभर में सबसे अधिक हैं। मौर्य ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में 2021 की तुलना में अपराध की घटनाओं में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार की सड़कों पर अब कानून नहीं, जंगलराज चलता है।”
सीजेआई पर हमला हिन्दूवाद के नाम पर बढ़ते कट्टरवाद का उदाहरण
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि दलितों पर अत्याचार सिर्फ समाज के निचले तबके तक सीमित नहीं है, बल्कि अब शीर्ष स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने हाल ही में मुख्य न्यायाधीश ऑफ इंडिया के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह हिन्दूवाद के नाम पर बढ़ते कट्टरवाद का उदाहरण है। मौर्य ने कहा, “अगर मुख्य न्यायाधीश दलित समाज से न होते तो कोई बड़े व्यक्ति की हिम्मत यह कृत्य करने की नहीं होती। यह सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि सर्वोच्च न्यायपालिका पर हमला है।”
धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है। “मदरसों पर जांच के नाम पर कार्रवाई की जा रही है, जिससे यह साफ है कि भाजपा अपने राजनीतिक फायदे के लिए समाज को बांटना चाहती है,” मौर्य ने कहा। पूर्व मंत्री ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर मुख्य न्यायाधीश के साथ गलत व्यवहार करने वाले व्यक्तियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे व्यापक स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था के हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है और जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।