इस साल दिवाली कब है? 20 या 21 अक्टूबर? जानें शास्त्रों के अनुसार सही तारीख और पूजन का शुभ मुहूर्त

KNEWS DESK- दिवाली, जिसे दीपावली के नाम से भी जाना जाता है, भारत का सबसे बड़ा और प्रमुख त्योहार है, जिसे पूरे देश में बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। लेकिन इस साल (2025) दीपावली की तिथि को लेकर लोगों में थोड़ी उलझन बनी हुई है। सवाल यह है कि दिवाली 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी या 21 अक्टूबर को?

दिवाली का पर्व हर साल कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है, जो धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत पावन और शुभ मानी जाती है। इस बार कार्तिक अमावस्या तिथि की शुरुआत, 20 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर हो रही है,
और इसका समापन, 21 अक्टूबर को सुबह 5 बजकर 53 मिनट पर होगा।

इस गणना के अनुसार, अमावस्या तिथि का प्रधान काल 20 अक्टूबर की रात को रहेगा, इसलिए शास्त्रों के अनुसार दीपावली का पर्व 20 अक्टूबर 2025 (सोमवार) को ही मनाना उचित माना गया है।

दिवाली पर माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिपूर्वक पूजा का विशेष महत्व होता है। इस वर्ष पूजा के लिए निम्नलिखित दो शुभ मुहूर्त बताए गए हैं- मुख्य पूजन मुहूर्त- शाम 7:12 बजे से रात 8:40 बजे तक, वैकल्पिक शुभ मुहूर्त- रात 9:10 बजे से 10:15 बजे तक, इन दोनों समयों में माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। यह समय प्रदोष काल और निशिता काल के अंतर्गत आता है, जो धन, समृद्धि और सौभाग्य के लिए अत्यंत शुभ माने जाते हैं।

हालांकि अमावस्या तिथि 21 अक्टूबर की सुबह तक रहती है, लेकिन पूजा और दीपदान रात में ही किया जाता है, इसलिए जब अमावस्या की रात्रि 20 अक्टूबर को पड़ रही है, तो वहीं दिवाली मनाना धर्मसंगत है। 21 अक्टूबर को सूर्योदय के बाद अमावस्या समाप्त हो जाएगी, इसलिए उस दिन पूजा करना शास्त्रों के अनुसार उचित नहीं है।