भोजपुरी स्टार पवन सिंह पर नेहा सिंह राठौर ने साधा निशाना, अश्लील गानों को लेकर उठाए सवाल

KNEWS DESK – भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह अपनी निजी जिंदगी और विवादों की वजह से लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं। उनके और पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक और विवाद का मामला पिछले तीन साल से चर्चा में है। अब यह विवाद फिर से तब गरमाया जब पवन सिंह ने बीजेपी की सदस्यता ली और बिहार चुनाव 2025 की चर्चा शुरू हुई। इस बीच लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने पवन सिंह को लेकर नए आरोप और सवाल उठाए हैं।

नेहा सिंह राठौर का निशाना

नेहा सिंह राठौर ने हाल ही में पवन सिंह के एक विवादित गाने ‘ढोढ़ी में वैसलीन लगा ला’ का पोस्टर शेयर किया और सवाल किया कि बीजेपी की आंखों के तारे पवन सिंह राजनीति में जाने के बाद भी ऐसे लहकाने वाले और विवादित गीत गाते रहेंगे या नई बहाली होगी। नेहा ने पोस्ट में लिखा, “मने बस पूछ रहे हैं!”

यह पहली बार नहीं है जब नेहा ने भोजपुरी स्टार और बीजेपी नेताओं पर निशाना साधा हो। इससे पहले उन्होंने रवि किशन के हिट गाने ‘लहंगा उठा देब रिमोट से’ को लेकर भी आलोचना की थी।

पवन सिंह की चुनावी प्लानिंग

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में किस क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आरा या काराकाट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। पवन सिंह या बीजेपी की ओर से नेहा के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भोजपुरी इंडस्ट्री और राजनीतिक गलियारों में अब सबकी नजरें पवन सिंह और बीजेपी की प्रतिक्रिया पर हैं। देखना यह होगा कि नेहा के सवालों का जवाब क्या आता है और यह विवाद आगे किस दिशा में बढ़ता है।