डिजिटल डेस्क- गुजरात के जूनागढ़ जिले से एक ऐसा चमत्कारिक दृश्य सामने आया है, जिसने भक्ति की शक्ति पर लोगों के विश्वास को और मजबूत कर दिया है। विजयदशमी के पावन अवसर पर गिरनार पर्वत स्थित खोडियार माता मंदिर में यज्ञ चल रहा था, तभी अचानक तीन शेर वहां आकर बैठ गए। आश्चर्य की बात यह रही कि शेरों ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि यज्ञ समाप्त होने तक शांत भाव से वहीं बैठे रहे। इस अद्भुत घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग “मां खोडियार का चमत्कार” बता रहे हैं।
शेर के आने के बाद भी चालू रहा मंत्रोच्चारण और अनुष्ठान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार को मंदिर परिसर में यज्ञ चल रहा था। यज्ञ स्थल के चारों ओर भक्तजन और पुजारी मंत्रोच्चार कर रहे थे। तभी जंगल की दिशा से तीन शेर धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए मंदिर परिसर की ओर आए। वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि किसी ने भागने या चीखने की कोशिश नहीं की। यज्ञ कर रहे ब्राह्मणों ने भी मंत्रोच्चार बंद नहीं किया और पूरे धैर्य के साथ अपना अनुष्ठान जारी रखा।
स्थानीय लोग ईश्वरीय संकेत मान रहे
डीसीएफ (वन विभाग) के अनुसार, गिरनार वन क्षेत्र शेरों का प्राकृतिक आवास है। संभव है कि शेर मंत्रोच्चार और धुएं की गंध से आकर्षित होकर वहां पहुंचे हों। लेकिन जिस तरह वे यज्ञ कुंड के पास शांत बैठ गए और अनुष्ठान पूरा होने के बाद बिना किसी आक्रामकता के जंगल की ओर लौट गए, उसे स्थानीय लोग “ईश्वरीय संकेत” मान रहे हैं।
श्रद्धालु ने वीडियो बनाकर किया वायरल
वहां मौजूद एक श्रद्धालु ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दिखता है कि तीनों शेर यज्ञ कुंड से कुछ ही दूरी पर बैठे हैं, और यज्ञ कर रहे ब्राह्मण निर्भीक होकर पूजा में लीन हैं। यह दृश्य ऐसा प्रतीत होता है मानो खुद “मां शेरावाली” के वाहन शेर माता की आराधना के लिए पहुंचे हों।