KNEWS DESK- प्रदेशभर में विजयादशमी का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दोहराया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने जीवन में बुराई को दूर कर अच्छाइयों को अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों के जीवन में शांति, सौहार्द्र, सुख और समृद्धि की कामना की।
वहीं राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विजयादशमी को अन्याय पर न्याय, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति के शौर्य, मर्यादा और आदर्शों का उत्सव है। भगवान श्रीराम के जीवन से हम सभी को संयम, सदाचार और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
शारदीय नवरात्र की महानवमी पर बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परंपरा अनुसार कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में डॉ. यादव ने कन्याओं के पांव पखारे, तिलक लगाया, चुनरी ओढ़ाई और आरती की। उन्होंने कन्याओं से आत्मीय संवाद भी किया और उन्हें दुलारते हुए आशीर्वाद लिया।
डॉ. यादव ने कन्याओं को अपने हाथों से भोजन परोसा, जिसमें खीर, पूरी और मिष्ठान शामिल था। मुख्यमंत्री ने कन्याओं की पसंद के अनुसार उन्हें मनुहार कर भोजन कराया। भोज के उपरांत सभी कन्याओं को उपहार देकर उन्हें सम्मानित किया गया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।