दशहरा 2025: राजधानी की रामलीलाओं में सजी राजनीति और बॉलीवुड की महफिल, राष्ट्रपति से लेकर बॉबी देओल तक होंगे शामिल

KNEWS DESK- राजधानी दिल्ली में इस बार दशहरा पर्व सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और सांस्कृतिक जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी के चलते बेहद खास होने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल तक कई दिग्गज अलग-अलग रामलीला आयोजनों में शिरकत करेंगे।

दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिला मैदान स्थित श्री धार्मिक लीला कमेटी के आयोजन में इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शामिल होने का कार्यक्रम तय किया गया है।

वहीं, इसी मैदान में आयोजित नवश्री धार्मिक लीला कमेटी की रामलीला में सोनिया गांधी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित श्रीरामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ के मंचन में भाग लेंगे। उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहेंगे।

इस रामलीला में खास बात यह है कि पारंपरिक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ-साथ चौथे पुतले के रूप में पहलगांव के आतंकियों का भी प्रतीकात्मक दहन किया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह इस बार पीतमपुरा स्थित डीडीए ग्राउंड में श्री केशव रामलीला कमेटी के आयोजन में विजयदशमी मनाएंगे। यह कमेटी 200 फीट ऊंचे विशालकाय पुतले बनाकर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

लालकिला मैदान में ही होने वाली प्रसिद्ध लवकुश रामलीला कमेटी इस बार बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर रही है। उनकी मौजूदगी से रामलीला में ग्लैमर का तड़का लगने की उम्मीद है।