दशहरा पर्व पर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, ट्रैफिक रूट में होंगे कई बदलाव

KNEWS DESK- असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक पर्व दशहरा इस वर्ष बृहस्पतिवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर रामलीला मैदान और सेंट जोंस समेत विभिन्न कॉलोनियों व मोहल्लों में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। साथ ही देवी प्रतिमाओं के विसर्जन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, वहीं यातायात में कई मार्गों पर डायवर्जन भी लागू रहेगा।

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि रामलीला मैदान और सेंट जोंस मैदान में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में वहां मेला क्षेत्र में ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी, सादा कपड़ों में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विसर्जन के चलते एमजी रोड और यमुना किनारा मार्ग पर यातायात डायवर्जन रहेगा। भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और NH-19 सहित कई मार्गों पर वैकल्पिक रूट से ही वाहन संचालित किए जाएंगे।

बिजलीघर, विक्टोरिया पार्क, पुरानी मंडी, और बालूगंज चौकी से रामलीला मैदान (अमर सिंह गेट) की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जीवनी मंडी गोल चक्कर से माल रोड व पुरानी मंडी की ओर जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे।