हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025: मुकेश अंबानी सबसे अमीर, शाहरुख खान पहली बार अरबपति क्लब में शामिल

डिजिटल डेस्क- M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में मुकेश अंबानी फिर से भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। उनकी कुल संपत्ति 9.55 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी का दबदबा इस सूची में बरकरार है। दूसरे नंबर पर गौतम अडानी हैं, जिनकी संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।

क्लब में हुई शाहरूख खान की एंट्री

इस वर्ष हुरुन रिच लिस्ट में सबसे खास अपडेट बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की एंट्री है। शाहरुख खान पहली बार अरबपति क्लब में शामिल हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिससे वे बॉलीवुड के सबसे अमीर स्टार बन गए हैं। शाहरुख की संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से आता है। यह कंपनी साल 2002 में स्थापित हुई थी और अब तक कई सुपरहिट फिल्में बना चुकी है। कंपनी में लगभग 500 कर्मचारी कार्यरत हैं।

अन्य सुपरस्टारों से आगे निकले शाहरूख

हुरुन रिच लिस्ट में बॉलीवुड के अन्य सितारों की तुलना में शाहरुख खान आगे निकल चुके हैं। जूही चावला की कुल संपत्ति 7,790 करोड़ रुपये है, जबकि ऋतिक रोशन के पास 2,160 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है। शाहरुख की एंट्री ने बॉलीवुड में अरबपति क्लब में उनका अलग मुकाम स्थापित कर दिया है। इस लिस्ट में भारत की सबसे अमीर महिला का खिताब HCL टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नादार मल्होत्रा को मिला है। उनकी कुल संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। रोशनी ने अपने पिता और HCL ग्रुप के फाउंडर शिव नादर से 47 फीसदी हिस्सेदारी ट्रांसफर मिलने के बाद यह संपत्ति अर्जित की। वे वर्तमान में अपने परिवार के बिजनेस को आगे बढ़ाने में जुटी हैं।

पहले पायदान में मुकेश अंबानी

हुरुन रिच लिस्ट 2025 में कुल संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बाद रोशनी नादार मल्होत्रा तीसरे स्थान पर हैं। लिस्ट में शामिल अरबपतियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और शाहरुख खान की एंट्री ने बॉलीवुड के लिए नया मील का पत्थर कायम कर दिया है। मुकेश अंबानी और शाहरुख खान की संपत्ति को देखते हुए यह साफ है कि कारोबार और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में लगातार नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। रिलायंस और रेड चिलीज जैसी कंपनियों के जरिए ये दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में अग्रणी बने हुए हैं। शाहरुख खान की पहली बार अरबपति बनने की खबर ने बॉलीवुड में एक नया उत्साह और चर्चा पैदा कर दी है।