KNEWS DESK- फिलीपींस में बुधवार को आए भीषण भूकंप ने जनजीवन को हिला कर रख दिया। रिक्टर स्केल पर 6.9 तीव्रता के इस भूकंप के झटके सेबू सिटी के तटवर्ती इलाकों में सबसे ज्यादा महसूस किए गए। अब तक की जानकारी के अनुसार कम से कम 69 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई दर्जन लोग घायल हुए हैं।
फिलीपींस भूकंप विज्ञान एजेंसी “फिलवोल्क्स” के अनुसार, भूकंप का केंद्र सेबू प्रांत के बोगो शहर से 17 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। यह एक समुद्री भूकंप था, जिसके चलते सुनामी जैसी धाराओं और जल स्तर में तेज बदलाव की आशंका जताई गई है।
भूकंप के कारण सेबू सिटी और आस-पास के क्षेत्रों में व्यापक तबाही देखी गई। एक ऐतिहासिक पत्थर का गिरजाघर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। कई इमारतें और मकान ढह गए। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, खासकर दानबांतायन कस्बे में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है। सैकड़ों लोग अपने घरों से बाहर खुले मैदानों में शरण लिए हुए हैं।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें तुरंत सक्रिय हो गई हैं। राहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। अस्पतालों में आपातकालीन अलर्ट घोषित किया गया है और घायलों को तेजी से इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
फिलवोल्क्स ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में आफ्टरशॉक्स आ सकते हैं, जिससे और नुकसान की संभावना बनी हुई है। साथ ही तटीय इलाकों के लोगों को समुद्र में असामान्य लहरों और तेज धाराओं से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
भारत सरकार ने इस त्रासदी पर गहरी संवेदना प्रकट की है। फिलीपींस स्थित भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर कहा “हम सेबू प्रांत में भूकंप से प्रभावित लोगों और फिलीपींस की सरकार व जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारी प्रार्थनाएं और समर्थन इस कठिन समय में उनके साथ हैं।”