डिजिटल डेस्क- अभिनेता और टीवीके प्रमुख विजय की शनिवार को करूर में आयोजित रैली एक भीषण त्रासदी में बदल गई। भीड़ के दबाव और अफरा-तफरी से मची भगदड़ में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 9 बच्चे और 17 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, 51 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और ICU में भर्ती हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन रविवार को करूर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। स्टालिन ने कहा, “यह त्रासदी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। हमारे राज्य में राजनीतिक प्रचार के दौरान इतनी बड़ी संख्या में जानें पहले कभी नहीं गईं। भविष्य में भी ऐसा न हो, यह हमारी जिम्मेदारी है।
सीएम ने जानकारी मिलते ही बुलाई आपातकालीन बैठक
सीएम ने बताया कि मृतकों में 13 पुरुष, 17 महिलाएं, 4 लड़के और 5 लड़कियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही सचिवालय में वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ आपात बैठक बुलाई गई थी।
केंद्र सरकार भी सक्रिय
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि और मुख्यमंत्री स्टालिन से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। शाह ने हरसंभव केंद्रीय मदद का आश्वासन दिया। गृह मंत्रालय ने इस घटना पर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।
मामला दर्ज, जांच शुरू
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) एस. डेविडसन देवसिरवथम ने कहा, “हमें प्रारंभिक जांच करनी होगी। अब तक 39 लोगों की जान जा चुकी है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच आगे बढ़ रही है।”
धक्का-मुक्की के बाद बेकाबू हुए हालात
जानकारी के अनुसार, विजय की रैली के लिए प्रशासन को 10 हजार लोगों के आने का अनुमान था, लेकिन करीब 27 हजार लोग जुट गए। कई समर्थक सुबह से ही बिना भोजन और पानी के इंतजार कर रहे थे। जब विजय शाम को देर से पहुंचे तो लोग मंच की ओर बढ़ने लगे। धक्का-मुक्की और दम घुटने से हालात बेकाबू हो गए और बड़ी संख्या में लोग चपेट में आ गए।