संजय कपूर की संपत्ति विवाद पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सीलबंद लिफाफे में रखी जाएगी जानकारी

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड और बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनकी 30 हजार करोड़ की संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले पर 26 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने संजय कपूर की विधवा पत्नी प्रिया सचदेव की अपील पर महत्वपूर्ण आदेश दिया।

सीलबंद लिफाफे में संपत्ति का ब्यौरा

एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रिया सचदेव ने कोर्ट से अपील की थी कि संजय कपूर की संपत्ति से जुड़ी सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाएं। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने प्रिया को संजय की संपत्ति की लिस्ट सीलबंद लिफाफे में जमा करने की अनुमति दे दी। साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया कि वसीयत की एक कॉपी संजय कपूर की मां को भी दी जाए।

कोर्ट में ‘सीक्रेट क्लब’ और गोपनीयता पर जोर

सुनवाई के दौरान प्रिया के वकील ने दलील दी कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और मीडिया की नज़रों में है, ऐसे में किसी भी तरह की जानकारी सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ‘सिस्टम’ या ‘सीक्रेट क्लब’ बनाने की अपील की, ताकि किसी भी तरह की जानकारी लीक न हो। कोर्ट ने इस पर सहमति जताते हुए वसीयत की मूल प्रति हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पास सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।

नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट की मांग

प्रिया ने कोर्ट में यह भी मांग रखी कि संपत्ति विवाद से जुड़े दस्तावेजों तक पहुंचने वाले सभी लोगों को नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) पर साइन करना होगा। इसमें करिश्मा कपूर और संजय कपूर के बच्चे तथा उनकी मां रानी कपूर भी शामिल हैं।

संजय कपूर एक जाने-माने बिजनेसमैन थे और 12 जून 2025 को ब्रिटेन के सरे में पोलो खेलते समय 53 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था। उनके अचानक निधन के बाद से ही संपत्ति का बंटवारा विवादों में घिरा हुआ है।