डिजिटल डेस्क- कर्मचारी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष और नगरपालिका परिषद इटावा में कार्यरत कर्मचारी राजीव यादव ने सोमवार को यमुना नदी के पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, राजीव यादव अपनी बाइक से यमुना पुल पहुंचे और वहां से नदी में कूद गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान कुछ लोग उन्हें समझाने का प्रयास भी कर रहे थे, लेकिन वे किसी की नहीं सुनी और सीधे नदी में कूद गए। घटना की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर विक्रम राघव, कोतवाल यशवंत सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।
खबर फैलते ही अन्य कर्मचारी पहुंचे घटनास्थल पर
राजीव यादव के नदी में कूदने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में नगर पालिका के कर्मचारी और स्थानीय लोग यमुना पुल पर जमा हो गए। सभी लोग घटनास्थल पर देख रहे थे और उन्हें मदद की उम्मीद थी, लेकिन परिस्थितियां गंभीर थीं।

उप जिलाधिकारी सदर विक्रम राघव ने बताया कि राजीव यादव को नदी में खोजने के लिए स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। खोज अभियान में पुलिस और प्रशासन की पूरी टीम जुटी हुई है।
सुसाइड नोट की पड़ताल में जुटी पुलिस
पुलिस ने यह भी बताया कि राजीव यादव ने आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट छोड़ा है। हालांकि, इस सुसाइड नोट की सामग्री और कारणों की जांच जारी है। प्रशासन और पुलिस की टीम मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि खोज अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जल्दबाजी नहीं की जा रही है और सुरक्षा व बचाव के सभी उपाय अपनाए जा रहे हैं।