पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि दे पीएम मोदी और कांग्रेस ने किया उनके योगदानों को याद

डिजिटल डेस्क- देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस पार्टी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। हम उनके लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हैं। बता दें कि डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। 26 दिसंबर 2024 को उनका निधन हो गया था। उन्हें भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाले नेताओं में गिना जाता है। 1991 से 1996 के बीच पी. वी. नरसिम्हा राव की सरकार में बतौर वित्त मंत्री उन्होंने आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी। इसके बाद 2004 से 2014 तक वह कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के प्रधानमंत्री रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने किया भावपूर्ण पोस्ट

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी ‘एक्स’ पर भावपूर्ण पोस्ट करते हुए डॉ. सिंह को याद किया। उन्होंने लिखा कि हम राष्ट्र निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हैं। वह भारत के आर्थिक परिवर्तन के सूत्रधार थे। उनकी विनम्रता और बुद्धिमत्ता उन्हें सबके बीच विशेष बनाती थी। उन्होंने दिखाया कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी न केवल संभव है बल्कि सबसे बड़ी ताकत है। खरगे ने कहा कि मनमोहन सिंह के आर्थिक सुधारों के दृष्टिकोण ने भारत में अवसरों के नए द्वार खोले, मध्यम वर्ग को मजबूती दी और लाखों परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला। उन्होंने जो विकास मॉडल दिया उसमें करुणा और कल्याणकारी योजनाओं को बराबर महत्व मिला।

उनकी आकांक्षाएं हमेशा प्रेरित करती रहेंगी

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि डॉ. सिंह आने वाली पीढ़ियों के लिए ईमानदारी, बुद्धिमत्ता और राष्ट्र के प्रति नि:स्वार्थ सेवा के चिरस्थायी प्रतीक बने रहेंगे। उनकी विरासत एक मजबूत और समावेशी भारत की आकांक्षाओं को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।डॉ. मनमोहन सिंह को एक ऐसे राजनेता और अर्थशास्त्री के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने न केवल आर्थिक सुधारों की नींव रखी, बल्कि अपने शांत और सधे हुए नेतृत्व से भारतीय राजनीति में गरिमा और विश्वास कायम किया।