बिहार विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने चुनावी टीम का ऐलान, केशव प्रसाद मौर्य को मिली बड़ी जिम्मेदारी

शिव शंकर सविता- बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता में वापसी और जीत सुनिश्चित करने के लिए तमाम दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार भी मुकाबला एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच कड़ा रहने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार चुनाव के लिए अपनी चुनावी टीम का ऐलान कर दिया है और नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

इन्हें मिली जिम्मेदारी

भाजपा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार विधानसभा चुनाव का प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटील को प्रदेश चुनाव सह प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें बिहार चुनाव के लिए सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। बीजेपी का मानना है कि इन नेताओं के अनुभव और रणनीति से बिहार में एनडीए को मजबूती मिलेगी। पार्टी ने दावा किया है कि इस बार भी बिहार में उसकी सरकार बनेगी।

रैलियां और अभियान जोरों पर

गौरतलब है कि बिहार में भाजपा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के साथ गठबंधन में चुनावी मैदान में उतरेगी। दोनों दल लगातार संयुक्त रैलियों और प्रचार अभियानों की तैयारी में जुटे हैं। दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन भी चुनावी जंग को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और जनता को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटा है। विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा ने धर्मेंद्र प्रधान, सीआर पाटील और केशव प्रसाद मौर्य जैसे नेताओं को जिम्मेदारी देकर एक ओर जहां संगठन को मजबूती दी है, वहीं दूसरी ओर जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की भी कोशिश की है।