बिग बॉस 19: मृदुल तिवारी की गेमिंग स्ट्रैटेजी एक्सपोज, दोनों ग्रुप्स में बने बिन पेंदे का लोटा

KNEWS DESK – रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ के शुरुआत में मृदुल तिवारी को सबसे मजबूत कंटेस्टेंट माना जा रहा था। खासकर जब उन्होंने वोटिंग में शहबाज बदेशा को हराया, तो साफ हो गया कि उनके पास सोशल मीडिया पर अच्छा फैन बेस है। लेकिन चार हफ्तों में मृदुल ने सिर्फ एक बार दर्शकों को एंटरटेन किया – कुनिका सदानंद को नॉमिनेशन टास्क में रोस्ट करना। उसके बाद से उनका खेल सुस्त और अस्पष्ट दिखा, जिससे घरवालों और दर्शकों दोनों में भ्रम बना हुआ है।

मृदुल की चालाकी सामने आई

हालिया एपिसोड में मृदुल तिवारी की गेमिंग रणनीति का खुलासा हुआ। नेहल चुडासमा, गौरव खन्ना और अवेज दरबार ने मृदुल की चालाकी को एक्सपोज किया। शो में अब घर साफ़ तौर पर दो ग्रुप्स में बंट चुका है|

  • ग्रुप 1: अवेज दरबार, गौरव खन्ना, अभिषेक बजाज, अशनूर कौर, प्रणीत मोरे
  • ग्रुप 2: बसीर अली, अमाल मलिक, जीशान कादरी, नीलम गिरी, तान्या मित्तल, फरहाना भट्ट, शहबाज बदेशा, नेहल चुडासमा

लेकिन मृदुल अब तक किसी भी ग्रुप को साफ तौर पर अपना नहीं मान रहे। वह दोनों ग्रुप्स में बैठते हैं और मौके पड़ते ही अपने लिए स्ट्रैटेजिक मूव्स करते हैं, जिससे उन्हें टारगेट बनाया न जा सके।

दोनों ग्रुप्स में बिन पेंदे का लोटा

मृदुल थोड़ी देर अवेज और गौरव के साथ बैठते हैं और फिर अमाल और जीशान के पास चले जाते हैं। उनकी असली रणनीति तब सामने आती है, जब घर में दोनों ग्रुप्स में झगड़ा होता है। ऐसे समय में मृदुल ना तो किसी एक पक्ष के साथ खड़े होते हैं और ना ही किसी को टारगेट बनाते हैं। यह दिखाता है कि वह बेहद चालाकी से स्थिति को मैनेज कर रहे हैं। हाल ही में जब अवेज और प्रणीत की अमाल और बसीर से लड़ाई हुई, तो गौरव और अवेज ने इस बात को नोटिस किया।

नेहल और गौरव ने मृदुल का गेम समझा

गौरव और अवेज ने मृदुल को समझाया कि उन्हें अपने ग्रुप के लिए बीच में आना चाहिए, जैसे दूसरे ग्रुप वाले करते हैं। मृदुल इस पर हां में हां मिलाते नजर आए। वहीं नेहल ने सीक्रेट रूम में भी यही कहा कि मृदुल अपनी सुविधा के अनुसार दोस्ती कर रहे हैं और स्मार्ट गेम प्ले कर रहे हैं।

हालांकि मृदुल ने दोनों ग्रुप्स में अपनी जगह बना ली है, लेकिन अभी भी वे ना तो दर्शकों को एंटरटेन कर पा रहे हैं और ना ही कैप्टन पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर पाए हैं।