शिव शंकर सविता- राजधानी दिल्ली में त्योहारों के मौसम में लोगों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने रामलीला और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों के लिए आधी रात तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति दे दी है। सरकार के अनुरोध पर उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना की मंजूरी के बाद यह छूट 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लागू रहेगी। इससे पहले रात 10 बजे तक ही लाउडस्पीकर बजाने की इजाजत थी। अब इसे बढ़ाकर 12 बजे तक कर दिया गया है। हालांकि, आवासीय इलाकों में ध्वनि स्तर 45 डेसिबल से अधिक न रखने का सख्त निर्देश दिया गया है।
त्योहारों के दौरान कई वर्षों से मांग कर रही थी समितियां
त्योहारों के दौरान यह छूट आयोजन समितियों की वर्षों पुरानी मांग रही है। सरकार ने इस फैसले को सांस्कृतिक परंपराओं और ध्वनि प्रदूषण से जुड़ी चिंताओं के बीच एक संतुलित पहल बताया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “रामलीला समितियों के लंबे समय से चले आ रहे अनुरोध को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। यह सुविधा आस्था का सम्मान करती है और त्योहारों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करती है।”
व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए की कई बैठकें
सिरसा ने बताया कि उन्होंने विभिन्न विभागों और एजेंसियों के साथ मिलकर आयोजन स्थलों पर व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कई बैठकें की हैं। इस फैसले को राजधानी में रेखा गुप्ता सरकार की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इससे दिल्ली की सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर को सम्मान देने के साथ-साथ लोगों की भावनाओं को भी सम्मान मिला है।