बॉलीवुड और नॉर्थ ईस्ट म्यूजिक इंडस्ट्री को गहरा सदमा, सिंगर जुबिन गर्ग का निधन, या अली गाने के बाद हुए थे फेमस

शिव शंकर सविता- मशहूर बॉलीवुड सिंगर और नॉर्थ ईस्ट के रॉकस्टार कहे जाने वाले जुबिन गर्ग अब इस दुनिया में नहीं रहे। सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए हादसे ने इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। 52 वर्षीय जुबिन गर्ग की मौत ने म्यूजिक जगत को गहरे शोक में डाल दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबिन गर्ग स्कूबा डाइविंग के लिए समुद्र में उतरे थे। रोमांचक अनुभव लेने गए इस सफर में उन्हें गंभीर चोटें आ गईं। फौरन उन्हें समुद्र से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लंबे समय तक इलाज किया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत की आधिकारिक पुष्टि के बाद से ही उनके चाहने वालों में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि जुबिन गर्ग नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्मेंस देने के लिए सिंगापुर पहुंचे थे। 20 सितंबर को उनका शो तय था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। फैन्स उन्हें स्टेज पर देखने के लिए बेताब थे, मगर अब वही शो उनकी आखिरी याद बनकर रह गया।

असम का बेटा, बॉलीवुड का चमकता सितारा

असम के जोरहाट में जन्मे जुबिन गर्ग ने 1995 में मुंबई आकर म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। उनका पहला इंडीपॉप एल्बम ‘चांदनी रात’ काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद उन्होंने कई हिट एल्बम और रीमिक्स गाने दिए। फिल्मों में उन्हें सबसे बड़ी पहचान फिल्म ‘गैंगस्टर’ के सुपरहिट गाने ‘या अली’ से मिली। इस गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके अलावा उन्होंने दिल से, डोली सजा के रखना, फिजा, कांटे जैसी फिल्मों में भी अपनी आवाज दी। उनके गीतों में दर्द, जुनून और जज्बात की गहराई झलकती थी, जिसने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया।

कई भाषाओं में गाया, पूरे देश को बनाया दीवाना

जुबिन गर्ग की गायिकी का दायरा बेहद बड़ा था। वे हिंदी के साथ-साथ असमिया, बंगाली, कन्नड़, उड़िया, तमिल, तेलुगु, पंजाबी, नेपाली, मराठी और मलयालम फिल्मों में भी गा चुके थे। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और अलग आवाज ने उन्हें एक पैन इंडिया सिंगर बना दिया। असम और बंगाल में तो वे रॉकस्टार के रूप में पूजे जाते थे।

पहले भी हो चुके थे हादसे का शिकार

यह पहली बार नहीं था जब जुबिन गर्ग किसी हादसे का शिकार हुए। साल 2022 में असम में अपने होटल रूम के बाथरूम में वे गिर पड़े थे। तब उनके सिर में गंभीर चोट आई थी और उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था। उस समय एयरलिफ्ट कराकर उनका इलाज कराया गया था।

म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर

जुबिन गर्ग की अचानक मौत ने बॉलीवुड और नॉर्थ ईस्ट की पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री को हिला दिया है। उनके परिवार के साथ-साथ उनके लाखों फैन्स गहरे सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर फैन्स और कलाकार लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। 52 साल की उम्र में इस तरह का हादसा उनके चाहने वालों के लिए किसी सपने के टूटने जैसा है। आज पूरा देश और खासकर असम, अपने प्रिय कलाकार को खोने के गम में डूबा हुआ है।