दिल्ली पुलिस ने ललित मोदी के भाई समीर मोदी को किया गिरफ्तार, दुष्कर्म और अपहरण मामले में हुई कार्रवाई

डिजिटल डेस्क- दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार भगोड़े कारोबारी ललित मोदी के भाई और मोदीकेयर कंपनी के संस्थापक समीर मोदी को गिरफ्तार किया है। उन पर दुष्कर्म और अपहरण का गंभीर आरोप है। उनके खिलाफ न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से समीर मोदी को पकड़ा, जब वह शहर से बाहर जाने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली पुलिस ने बताया कि 10 सितंबर को एक महिला ने उनके खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ दुष्कर्म पहले किया गया था, लेकिन अब वह खुलकर सामने आई है। यह महिला समीर मोदी की कंपनी की पूर्व कर्मचारी बताई जा रही है।

विवादों से है पुराना नाता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस शिकायत और दर्ज केस के आधार पर समीर मोदी की गिरफ्तारी की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि समीर मोदी डायरेक्ट सेलिंग कंपनी मोदीकेयर के संस्थापक और प्रबंध निदेशक हैं। वे अक्सर विवादों में रहते हैं।

अपनी माँ संग संपत्ति विवाद के बाद आये थे सुर्खियों में

पिछले साल वे अपनी मां के साथ संपत्ति विवाद को लेकर सुर्खियों में आए थे। जून 2024 में उन्होंने दिल्ली पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, यह दावा करते हुए कि पारिवारिक कलह के बीच उन्हें धमकियां मिल रही हैं। यह विवाद परिवार के मुखिया के.के. मोदी की 2019 में मृत्यु के बाद शुरू हुआ, जब ₹11,000 करोड़ की संपत्ति के बंटवारे पर परिवार में मतभेद गहराए। अब दुष्कर्म और अपहरण के मामले में गिरफ्तारी के बाद समीर मोदी एक बार फिर से विवादों के घेरे में आ गए हैं।