KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स-हसबैंड और बिजनेसमैन संजय कपूर की मौत के बाद उनकी करोड़ों की संपत्ति पर विवाद गहराता जा रहा है। मामला अब सीधे दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है। करिश्मा के दोनों बच्चे – समायरा (20) और कियान (15) – ने पिता की संपत्ति में अपना हक मांगते हुए सौतेली मां प्रिया सचदेवा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बच्चों का आरोप: वसीयत में की गई हेराफेरी
संजय कपूर के निधन के बाद सामने आई एक वसीयत को लेकर करिश्मा कपूर के बच्चों ने कोर्ट में सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले परिवार को आश्वासन दिया गया था कि संजय ने कोई वसीयत नहीं बनाई। लेकिन निधन के सात हफ्ते बाद अचानक एक वसीयत सामने आ गई। बच्चों का आरोप है कि सौतेली मां प्रिया सचदेवा ने इस वसीयत में जालसाजी और कागजों से छेड़छाड़ की है। करिश्मा के बच्चे चाहते हैं कि कोर्ट इस मामले में पारदर्शिता बनाए और उन्हें उनके कानूनी हक का हिस्सा दिलाए।
संजय कपूर की कुल संपत्ति लगभग 30,000 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इसमें रियल एस्टेट, बिजनेस इन्वेस्टमेंट और अन्य कंपनियों में हिस्सेदारी शामिल है। इतनी बड़ी रकम के चलते अब यह मामला हाई-प्रोफाइल कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है।
प्रिया सचदेवा की पहली पब्लिक अपीयरेंस
पति की मौत के बाद पहली बार प्रिया सचदेवा किसी बड़े मंच पर नजर आईं। वो हाल ही में दिल्ली में आयोजित ACMA (Automotive Component Manufacturers Association) के एनुअल कन्वेंशन में शामिल हुईं।
दिलचस्प बात ये है कि संजय कपूर भी जीवनकाल में ACMA के अध्यक्ष रह चुके थे। प्रिया को 2025-26 के लिए ACMA की कार्यकारी समिति में शामिल किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में बतौर ऑरियस इन्वेस्टमेंट (AIPL) की निदेशक और सोना कॉमस्टार में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर व CSR समिति की अध्यक्ष के तौर पर शिरकत की।