कौशाम्बीः नगर पालिका कर्मचारी की मां का शव कूड़ा गाड़ी से श्मशान पहुंचा, ग्रामीणों में आक्रोश

अनिरुद्ध पांडे- उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में नगर पालिका परिषद भरवारी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारी शुभम मिश्रा की माता का निधन होने के बाद उनका शव कूड़ा गाड़ी में रखकर श्मशान घाट ले जाया गया। इस घटना का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। मिली जानकारी के अनुसार, शुभम मिश्रा की माता का निधन हुआ। शव वाहन के लिए जब अनुरोध किया गया तो बताया गया कि नगर पालिका के शव वाहन किसी अन्यत्र गए हुए हैं। इसी कारण शुभम ने निर्णय लिया कि श्मशान घाट तक शव पहुंचाने के लिए नगर पालिका की कूड़ा ढोने वाली गाड़ी का उपयोग किया जाए। इसके बाद शव को कूड़ा गाड़ी में रखकर परिजन ने संदीपन घाट स्थित श्मशान घाट तक ले जाया।

ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

इस घटना पर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। हिंदू रक्षा समिति के जिला संयोजक वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि यह अत्यंत अमानवीय और गलत कार्य है। उन्होंने नगर पालिका भरवारी के ईओ और संबंधित अधिकारियों को भ्रष्ट और लापरवाह करार देते हुए कहा कि इस पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस मामले में नगर पालिका परिषद भरवारी के ईओ राम सिंह से बात की गई। उन्होंने बताया कि नगर पालिका के पास दो शव वाहन उपलब्ध हैं। कूड़ा गाड़ी से शव ले जाने की जानकारी उन्हें नहीं थी। ईओ ने कहा कि शुभम मिश्रा हमारे कर्मचारी हैं और यह उनका व्यक्तिगत निर्णय था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें नगर पालिका प्रशासन, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कोई लापरवाही नहीं है।

संबंधित ने की कार्रवाई की बात

वहीं, ADM वित्त एवं राजस्व शालिनी प्रभाकर ने फोन पर कहा कि यह घटना गलत है। उन्होंने कहा कि ईओ से बात की जाएगी और इस मामले में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए फोटो और वीडियो ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग इस घटना को अमानवीय और असंवेदनशील मान रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए अब जिला प्रशासन ने मामले की समीक्षा और जांच शुरू कर दी है।