उड़ान भरते ही रनवे पर गिरा स्पाइसजेट विमान का पहिया, आनन-फानन में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

डिजिटल डेस्क- शुक्रवार को स्पाइसजेट की एक फ्लाइट के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कांडला से मुंबई जा रहे बॉम्बार्डियर DHC8-Q400 विमान (फ्लाइट SG-2906) का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के तुरंत बाद रनवे पर गिर गया। इस दौरान विमान में 75 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार दोपहर 2:39 बजे जैसे ही विमान कांडला एयरपोर्ट से उड़ा, रनवे पर मौजूद टावर कंट्रोलर ने एक काले रंग की भारी चीज को गिरते और लुढ़कते हुए देखा। बाद में जांच में पुष्टि हुई कि वह विमान का पहिया था। एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

सुरक्षित रही लैंडिंग, कंपनी ने की पुष्टि

पहिया निकलने के बावजूद विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री बिना किसी परेशानी के टर्मिनल तक पहुंचे और सामान्य रूप से उतर गए। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा, “12 सितंबर को कांडला से मुंबई जा रहे Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया। विमान ने मुंबई में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री सकुशल उतरे।”

स्पाइसजेट की लगातार घट रही है हिस्सेदारी

घरेलू विमानन बाजार में स्पाइसजेट की हिस्सेदारी घटकर 1.9% रह गई है। कंपनी ने पिछले साल निवेशकों से 3,000 करोड़ रुपये जुटाने का ऐलान किया था और मार्च तक 40 विमान उड़ाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन सप्लाई चेन की समस्याओं और बकाया भुगतान अटकने के कारण यह योजना पूरी नहीं हो सकी।