सलमान खान पर बरसे दबंग के डायरेक्टर अभिनव कश्यप, कहा- ‘भाईजान गुंडा और बदतमीज इंसान हैं’

KNEWS DESK – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों अपने हिट रियलिटी शो बिग बॉस 19 की शूटिंग में व्यस्त हैं। लेकिन इसी बीच उनकी फिल्म दबंग के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने भाईजान को लेकर एक विवादित बयान देकर सनसनी मचा दी है। अभिनव ने न केवल सलमान खान बल्कि पूरे खान परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सलमान खान को कहा गुंडा और बदतमीज

एक इंटरव्यू में अभिनव कश्यप ने सलमान खान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि सलमान को एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनके मुताबिक, “सलमान खान कभी भी काम में शामिल नहीं होते और उन्हें एक्टिंग करने का कोई शौक नहीं है। जब वो फिल्म सेट पर आते हैं तो ऐसा लगता है जैसे कोई बड़ा एहसान कर रहे हों। वो सिर्फ स्टारडम का मजा लेना चाहते हैं लेकिन असली एक्टिंग से उनका कोई लेना-देना नहीं है। वो एक गुंडा और बदतमीज इंसान हैं।”

अभिनव ने यहां तक कह दिया कि खान परिवार ने बॉलीवुड में स्टार सिस्टम की शुरुआत की और अब तक उसी को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह परिवार असहमति जताने वालों के खिलाफ बदले की भावना से काम करता है।

अनुराग कश्यप ने दी थी चेतावनी

अभिनव ने अपने भाई और मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वो दबंग बनाने की तैयारी कर रहे थे, तब अनुराग ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि सलमान के साथ फिल्म बनाना आसान नहीं होगा। अनुराग का सलमान से तेरे नाम के समय मतभेद हो चुका था, जिसकी वजह से उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया था। हालांकि उस समय उन्होंने अभिनव को ज्यादा विस्तार से कारण नहीं बताया था।

करियर पर एक नजर

अभिनव कश्यप ने दबंग के जरिए बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने 2013 में रणबीर कपूर स्टारर बेशरम का निर्देशन किया, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई। इस फिल्म में रणबीर के साथ पल्लवी शारदा, ऋषि कपूर और नीतू कपूर भी नजर आए थे।