बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए आगे आए हरभजन सिंह, 11 नावें और 3 एम्बुलेंस की मदद भेजी, जुटाया 50 लाख रुपये का फंड

KNEWS DESK- भारत के पूर्व स्टार स्पिनर और मौजूदा राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने अपने बाढ़ प्रभावित गृह राज्य पंजाब की मदद के लिए दिल खोलकर योगदान दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) से राज्यसभा सांसद हरभजन ने जहां एक ओर नावें और एम्बुलेंस भेजीं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने करीब 50 लाख रुपये की राहत राशि भी जुटाई है, जिससे पीड़ितों तक भोजन और दवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, हरभजन सिंह ने 8 स्टीमर बोट अपने सांसद निधि कोष से स्वीकृत कीं। 3 अतिरिक्त बोट अपनी निजी आय से खरीदीं। 3 एम्बुलेंस भी खरीदी हैं, ताकि बाढ़ के दौरान गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। प्रत्येक नाव की कीमत 4.5 से 5.5 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।

हरभजन सिंह ने व्यक्तिगत प्रयासों से राहत कोष के लिए धन जुटाने की पहल की। एक खेल संगठन ने उनकी अपील पर 30 लाख रुपये का दान दिया। उनके दो करीबी दोस्तों ने 12 लाख और 6 लाख रुपये का योगदान किया। कुल मिलाकर, अब तक लगभग 50 लाख रुपये की राशि राहत कार्यों में लगाई जा चुकी है। इस फंड से राशन, पीने का पानी, दवाएं और अन्य जरूरी सामग्री बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही है।

हरभजन सिंह स्वयं बाढ़ प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि यदि ज़रूरत पड़ी तो वह आगे भी हर संभव सहायता देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा “पंजाब मेरे दिल के सबसे करीब है। इस संकट की घड़ी में मैं और मेरा हर संसाधन राज्य के लोगों के लिए समर्पित है।”

उत्तरी भारत का प्रमुख राज्य पंजाब इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। लगातार भारी बारिश और नदियों के तटबंध टूटने से कई गांवों और कस्बों में भारी जलभराव है। सैकड़ों परिवार बेघर हो चुके हैं। किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।

राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठन लगातार राहत और पुनर्वास कार्यों में लगे हुए हैं।