पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिल्ली बीजेपी ने भेजे 52 ट्रक राहत सामग्री, सीएम रेखा गुप्ता पर विपक्ष का हमला तेज

KNEWS DESK- भीषण बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के लोगों की मदद के लिए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने रविवार को एक बड़ा राहत अभियान शुरू किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 52 ट्रकों के राहत काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि “इस संकट की घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब के लोगों के साथ खड़ा होना हमारा कर्तव्य है।”

इस राहत सामग्री में शामिल हैं- राशन सामग्री, दवाइयां, मच्छरदानी, तिरपाल, बर्तन, कंबल, जूते-चप्पल, और अन्य आवश्यक वस्तुएं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह राहत काफिला सिर्फ शुरुआत है और आगे भी सेवा जारी रहेगी। उन्होंने कहा, “पंजाब के अन्नदाता किसानों की मदद के लिए दिल्ली हमेशा तैयार है।”

सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा “अगर देश का दिल दिल्ली में धड़कता है, तो दिल्ली की धड़कन पंजाब में बसती है। पंजाब हमारे देश का नवरत्न है और उसकी कठिन घड़ी में साथ देना हमारा नैतिक दायित्व है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत हमेशा आपदा के समय मदद के लिए आगे रहता है, और हमने यही संस्कार संगठन से सीखे हैं।

भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश की रक्षा, कृषि और विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है, और अब समय है कि देश उसके साथ खड़ा हो।

हालांकि, इस राहत अभियान को लेकर विपक्ष ने सीएम रेखा गुप्ता पर निशाना साधा है। आम आदमी पार्टी की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया रेखा गुप्ता जी, आपने दिल्ली को बाढ़ और जलभराव से बचाने के लिए क्या किया?” उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी दिल्ली में बारिश होती है, सड़कों पर झील बन जाती है, और सरकार की ओर से कोई पुख्ता तैयारी नहीं की जाती। आतिशी ने दावा किया कि “AAP सरकार के दौरान मानसून से तीन महीने पहले नालों की सफाई शुरू कर दी जाती थी।” “जहां जलभराव होता था, वहां मंत्री और विधायक खुद मौके पर जाकर व्यवस्था संभालते थे।” “आज बीजेपी के मंत्री और विधायक ज़मीन पर नजर नहीं आ रहे हैं।”