डिजिटल डेस्क- उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थाना डालनवाला, देहरादून परिसर में स्थापित 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का विधिवत लोकार्पण किया। यह पहल राज्य की आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में बेहद अहम मानी जा रही है।
आपदा संभावित राज्य के लिए बड़ी पहल
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संभावित राज्य है, जहां भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं समय-समय पर चुनौती पेश करती रहती हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते चेतावनी और सूचना प्रसारण आपदाओं से होने वाली क्षति को कम करने में अत्यंत सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि 8 और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदाओं के समय लोगों को अलर्ट करेंगे बल्कि नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी साबित होंगे।

जनजागरूकता पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि यह सायरन प्रणाली केवल चेतावनी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता को जागरूक करने और समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी मददगार होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और नागरिकों को इसके बारे में जानकारी दी जाए ताकि आपातकालीन स्थिति में इसका अधिकतम लाभ उठाया जा सके।
आपदा प्रबंधन-पुलिस की साझी पहल
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग और उत्तराखंड पुलिस द्वारा मिलकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन तथा पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक भेंट किए।