डिजिटल डेस्क- शहर में आवारा कुत्तों से लोगों को होने वाले खतरे को रोकने के लिए कानपुर नगर निगम ने बड़ी पहल की है। गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय से फ्री एंटी रेबीज वैक्सीन ड्राइव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान महापौर प्रमिला पांडे और नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इस अभियान को रवाना किया।

सभी वार्डों में चलेगी ड्राइव
नगर निगम ने बताया कि इस अभियान के तहत शहर के हर वार्ड में जाकर आवारा कुत्तों को मुफ्त में एंटी रेबीज वैक्सीन दी जाएगी। फिलहाल, ड्राइव के लिए चार गाड़ियों को रवाना किया गया है। खास बात यह है कि जब तक एक वार्ड पूरी तरह से रेबीज मुक्त घोषित नहीं हो जाता, तब तक गाड़ियां अगले वार्ड में नहीं जाएंगी।
शहर में सवा लाख आवारा कुत्ते
कानपुर नगर निगम के अनुसार शहर में करीब सवा लाख आवारा कुत्ते हैं। इनकी संख्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम रोजाना दो एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर पर करीब 60 कुत्तों की नसबंदी करता है। इसके बावजूद अक्सर शहर के अलग-अलग इलाकों से कुत्तों के हमले की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

लोगों को मिलेगा फायदा
महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि इस ड्राइव का उद्देश्य शहर को रेबीज मुक्त बनाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वहीं नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने स्पष्ट किया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा और किसी भी वार्ड को अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा।