KNEWS DESK- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) को बड़ा झटका लगा है। टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने फ्रेंचाइज़ी से अचानक किनारा कर लिया है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और प्रेस रिलीज़ के ज़रिए इसकी पुष्टि की है।
फ्रेंचाइज़ी ने कहा, “राजस्थान रॉयल्स आज यह घोषणा कर रही है कि हेड कोच राहुल द्रविड़ आईपीएल 2026 से पहले फ्रेंचाइज़ी से अपना कार्यकाल समाप्त कर रहे हैं। राहुल वर्षों से रॉयल्स की यात्रा का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनके नेतृत्व में टीम ने मजबूत मूल्यों और एक विशेष संस्कृति का निर्माण किया है।”
रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल द्रविड़ ने स्वेच्छा से कोच पद छोड़ने का निर्णय लिया है। फ्रेंचाइज़ी की ओर से उन्हें एक बड़े प्रशासनिक पद की पेशकश भी की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। RR ने उनके योगदान के लिए उन्हें हार्दिक धन्यवाद भी दिया है।
राहुल द्रविड़ का राजस्थान रॉयल्स से जुड़ाव कोई नया नहीं है।
- 2011 से 2013 तक वह बतौर खिलाड़ी टीम का हिस्सा रहे।
- 2015 तक उन्होंने टीम के मेंटोर की भूमिका निभाई।
- टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच पद से हटने के बाद, द्रविड़ ने 2025 सीजन में RR के हेड कोच के रूप में वापसी की थी।
राजस्थान रॉयल्स का IPL 2025 में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम 14 में से केवल 4 मुकाबले जीत पाई और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रही। पूरे सीजन के दौरान टीम का संतुलन, रणनीति और प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में रहा।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान संजू सैमसन के बीच कुछ रणनीतिक मतभेद हुए थे। हालांकि, दोनों ने सार्वजनिक तौर पर ऐसी किसी अनबन से इनकार किया था।
राहुल द्रविड़ के जाने के बाद अब राजस्थान रॉयल्स को नए हेड कोच की तलाश करनी होगी, जो IPL 2026 से पहले टीम को नए सिरे से तैयार कर सके। फिलहाल फ्रेंचाइज़ी ने नए कोच को लेकर कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन संभावना है कि आने वाले हफ्तों में इस पर फैसला लिया जाएगा।