डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष जियाउर्रहमान ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी हुई है। योगी सरकार में यूपी में लूट डकैती बलात्कार मर्डर जैसी घटनाएं आम हो रही है, लेकिन योगी सरकार में कोई एक्शन नहीं हो रहा है। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने यूपी के मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफा की मांग करते हुए कहा है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ रही है।
विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ बैठते हैं धरने में
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बुलंदशहर विधायक बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था को लेकर आए दिन अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठते रहते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि शिकारपुर के विधायक अनिल शर्मा ने कुछ समय पहले ही बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ धरना दिया था और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और मनमानी करने का आरोप भी लगाया था। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा भाजपा के बुलंदशहर विधायक भी इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि जब उनकी ही सरकार में बुलंदशहर के अधिकारी उनकी नहीं सुनते हैं तो ऐसे विधायकों को विधायक पद पर नहीं रहना चाहिए।
अधिकारी जाति और धर्म देखकर करते हैं काम
जिला अध्यक्ष जियाउर्रहमान ने आरोप लगाते हुए कहा कि योगी सरकार के अधिकारी धर्म देखकर और जाति पूछ कर कार्य करते हैं। योगी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और उत्तर प्रदेश में पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं पिछले 8 वर्षों में योगी सरकार ने प्रदेश को अपराध प्रदेश बना दिया है। उन्होंने आगे कहा कि सीएम योगी कहते हैं कि हमने भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश को बना दिया है, लेकिन प्रदेश में इस वक्त गुंडागर्दी भ्रष्टाचार लूट पाट बहुत बढ़ता हुआ जा रहा है जिससे कि आम जनता बहुत परेशान है गरीबों का शोषण हो रहा है। अधिकारी अपनी मनमानी करने से वाज नहीं आ रहे। अब जनता योगी सरकार को 2027 में सबक सिखाएगी।