KNEWS DESK- भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में तनाव बढ़ गया है। अमेरिका ने भारत पर 25% अतिरिक्त शुल्क (टैरिफ) लगाने की घोषणा के बाद अब इसे बुधवार से लागू कर दिया है। इसके बाद भारत से अमेरिका को होने वाले कई श्रम-प्रधान निर्यात जैसे कपड़ा, हीरे-जेवरात, चमड़ा, समुद्री उत्पाद और इंजीनियरिंग सामान पर कुल 50% तक टैरिफ लग चुका है।
इस फैसले के तुरंत बाद कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा है कि मोदी का ‘MEGA’ फॉर्मूला अब भारत के लिए महा सिरदर्द बन गया है।
कांग्रेस का तंज: MAGA + MIGA = MEGA = महा सिरदर्द
कांग्रेस के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा,
“अब ‘ट्रंप डबल टैरिफ’ लागू हो चुका है। इसका सीधा असर हमारे श्रम-प्रधान निर्यात पर पड़ेगा। यही नहीं, अमेरिका की ओर से एच1बी वीजा को लेकर भी सख्ती दिखाई जा रही है, जिसका सबसे अधिक लाभ भारतीय आईटी पेशेवरों को मिला करता था।”
रमेश ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल फरवरी में अमेरिका दौरे के दौरान एक मेगा फॉर्मूला पेश किया था –
MAGA (Make America Great Again) + MIGA (Make India Great Again) = MEGA (साझेदारी)
अब कांग्रेस का आरोप है कि यह मोदी-निर्मित MEGA साझेदारी ही भारत के लिए एक नीति विफलता और कूटनीतिक झटका बन गई है।
अमेरिकी प्रशासन ने यह अतिरिक्त 25% टैरिफ भारत पर इसलिए लगाया है क्योंकि भारत रूस से कच्चा तेल खरीदना जारी रखे हुए है।
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 7 अगस्त को यह ऐलान किया था कि भारत सहित 70 देशों पर टैरिफ बढ़ाया जाएगा, और भारत पर कुल 50% टैरिफ लगेगा। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने सोमवार को एक मसौदा आदेश जारी किया कि 27 अगस्त 2025 से यह शुल्क प्रभावी हो जाएगा।
ट्रंप प्रशासन ने भारत को 21 दिन का समय दिया था समझौते के लिए, लेकिन भारत ने रूस से तेल खरीद पर रुख नहीं बदला। इसके चलते अब यह ट्रेड वॉर की स्थिति बनती दिख रही है।