KNEWS DESK – बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस और विलेन रोल्स के लिए मशहूर कुनिका सदानंद अब रियलिटी शो बिग बॉस 19 में नजर आ रही हैं। फिल्मों से लेकर टीवी, म्यूजिक और अब बिग बॉस तक का उनका सफर वाकई दिलचस्प रहा है।
फिल्मों से लेकर टीवी तक दमदार सफर
कुनिका ने अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में फिल्म कब्रिस्तान से की थी। इसके बाद वह बेटा, गुमराह, खिलाड़ी, राजा की आएगी बारात, कोयला, हम साथ साथ हैं जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में नजर आईं। अपनी नेगेटिव और सपोर्टिंग रोल्स से उन्होंने 90s के दौर में इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई। सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित न रहकर उन्होंने टीवी में भी खास मुकाम बनाया। संजोग से बनी संगिनी और दिल्ली वाली ठाकुर गर्ल्स जैसे शोज़ में उनका काम सराहा गया। यही नहीं, उन्होंने म्यूजिक एल्बम भी रिलीज किए, जिनमें लाखों में एक (1996) और जुम्बिश (2006) शामिल हैं।
पर्सनल लाइफ और विवादों से जुड़ा नाम
कुनिका की निजी जिंदगी भी हमेशा सुर्खियों में रही। उनका नाम मशहूर गायक कुमार सानू के साथ जुड़ा। खुद कुनिका ने स्वीकार किया था कि दोनों रिलेशनशिप में थे, जबकि उस वक्त सानू शादीशुदा थे। इसके अलावा, कुनिका ने दो शादियां कीं—पहली अभय से, जिनसे उनका एक बेटा है, और दूसरी श्रीलाल से, जिनसे भी उन्हें एक बेटा हुआ। मगर दोनों शादियां टूट गईं।
खास बात यह रही कि उन्होंने हमेशा समाज के टैबू की परवाह किए बिना अपनी जिंदगी को खुले अंदाज़ में जिया। शादी से पहले प्रेग्नेंट होने की बात भी उन्होंने बेबाकी से कबूल की।
https://www.instagram.com/p/DNv3UNL2m2C/
एक्ट्रेस होने के साथ-साथ कुनिका ने खुद को री-इन्वेंट भी किया। उन्होंने लॉ और फॉरेंसिक में डिग्री ली और 2018 में लीगल एडवोकेट बन गईं। इसके अलावा, वह ‘तारा चैरिटेबल ट्रस्ट’ और NGO CHIP के जरिए बच्चों के कल्याण से भी जुड़ी हुई हैं।
सलमान खान के साथ स्क्रीन शेयर कर चुकीं
90s में जब सलमान खान का करियर ऊंचाइयों पर था, उसी दौर में कुनिका ने भी उनके साथ करण अर्जुन और हम साथ साथ हैं जैसी फिल्मों में स्क्रीन शेयर की। हालांकि उनका रोल छोटा होता था, लेकिन एंसेंबल कास्ट का हिस्सा बनकर उन्होंने फिल्मों को वजन दिया।

बिग बॉस 19 के प्रीमियर के बाद से ही कुनिका सदानंद गूगल पर ट्रेंड कर रही हैं। खबर लिखे जाने तक उनका नाम गूगल ट्रेंड्स में तीसरे नंबर पर था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बॉस कंटेस्टेंट लिस्ट में आने के बाद उनकी सर्च वॉल्यूम 10,000 के पार पहुंच गई है।