KNEWS DESK – कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को हरियाणा और मध्य प्रदेश के जिला कांग्रेस कमेटियों (डीसीसी) के नए अध्यक्षों के साथ बैठक में भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “वोट चोरी” के बाद अब भाजपा “सत्ता चोरी” की साजिश रच रही है। खरगे ने कहा कि हाल ही में पेश किया गया 130वां संविधान संशोधन विधेयक विपक्षी सरकारों को गिराने और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है।
खरगे ने अपने संबोधन में वर्ष 2025 को “संगठन निर्माण का वर्ष” करार दिया। उन्होंने जिला अध्यक्षों को कांग्रेस संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि वे विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जोड़ने और समितियां बनाते समय वफादारी, मेहनत और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता को सबसे अहम बताया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने अपने मजबूत संगठन के दम पर देश पर शासन किया। उस दौर में मंत्री किसी जिले में जाने से पहले जिला अध्यक्ष से संपर्क करते थे। लेकिन बीच में यह परंपरा टूट गई और योग्यता के बजाय पसंद-नापसंद से नेताओं की नियुक्तियां होने लगीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन को मजबूत किए बिना सत्ता में वापसी संभव नहीं है।
https://x.com/kharge/status/1959518288075186259
हरियाणा और मध्य प्रदेश के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस महज 8 सीटों से सरकार बनाने से चूक गई, जबकि मध्य प्रदेश में कई सीटों पर वोट चोरी हुई। राहुल गांधी के हवाले से उन्होंने कहा कि कर्नाटक की महादेवपुरा सीट पर सुनियोजित तरीके से वोट काटे गए, जिसका खुलासा छह महीने की रिसर्च में हुआ।
खरगे ने भाजपा और चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा “SIR” जैसी योजनाओं के जरिए लोगों के वोट काट रही है। जिला अध्यक्षों से उन्होंने मतदाता सूचियों की लगातार जांच करने की अपील की ताकि किसी भी गड़बड़ी को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता के बीच जाकर अपने योगदान की याद दिलानी होगी—जैसे कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार और राजीव गांधी द्वारा मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष करना। खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र पर “बुलडोजर” चला रही है और ईडी-सीबीआई जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल विपक्ष को डराने और सरकारें गिराने में कर रही है।
इलेक्टोरल बॉन्ड, पीएम केयर्स और बैंकों से जुड़े घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि पूंजीपतियों का कर्ज माफ़ किया जा रहा है, जबकि आम जनता परेशान है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने और गुटबाजी से दूर रहने की सलाह दी।