एल्विश यादव के घर फायरिंग करने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

KNEWS DESK – हरियाणा के गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस OTT-2 विजेता एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने मुख्य आरोपी इशांत उर्फ इशू गांधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

कैसे हुआ मुठभेड़?

DCP क्राइम ब्रांच मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि मुखबिर से जानकारी मिलने पर गांव फरीदपुर के पास पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर ऑटोमैटिक पिस्टल से करीब 6 राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हुआ और पकड़ा गया। इशांत फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी का रहने वाला है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि इस फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया ने ली थी। दोनों ही गिरोह हरियाणा और NCR क्षेत्र में सक्रिय हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले को निजी दुश्मनी या रंगदारी से जोड़कर भी जांच कर रही है।

22 अगस्त की रात हुई थी फायरिंग

यह घटना 22 अगस्त 2025 की रात करीब ढाई बजे की है, जब 3-4 हमलावरों ने गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एल्विश यादव के घर के बाहर गोलियां बरसाईं थीं। फायरिंग की पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि इसमें किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं थी, लेकिन घटना के बाद एल्विश यादव ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।

गुरुग्राम पुलिस ने इस घटना के बाद अज्ञात हमलावरों के खिलाफ IPC की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 506 (आपराधिक धमकी) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। साथ ही एल्विश यादव और उनके परिवार को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की गई है।

कौन हैं एल्विश यादव?

एल्विश यादव का असली नाम सिद्धार्थ यादव है। वह मशहूर यूट्यूबर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और गायक हैं। 2023 में उन्होंने बिग बॉस OTT-2 जीतकर खास पहचान बनाई। उनके दो कपड़ों के ब्रांड सिस्टम क्लोदिंग और एल्ग्रो वुमेन हैं। इसके अलावा वह एल्विश यादव फाउंडेशन नाम से एक NGO भी चलाते हैं। हालांकि, 2024 में वह सुर्खियों में तब आए थे जब नोएडा पुलिस ने उन्हें NDPS एक्ट और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। उन पर रेव पार्टियों में सांपों का जहर सप्लाई कराने का आरोप लगा था।