हरितालिका तीज से पहले अक्षरा सिंह का भक्ति गीत ‘तीज के व्रत ह पावन’ रिलीज, सुहागिन रूप में दिखीं एक्ट्रेस

KNEWS DESK- हरितालिका तीज के पावन अवसर से पहले भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अक्षरा सिंह एक नई भक्ति गीत लेकर आई हैं, जिसका नाम है ‘तीज के व्रत ह पावन’। यह गीत आज 21 अगस्त को अक्षरा सिंह के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है और रिलीज होते ही फैंस के दिलों को छू गया।

वीडियो में अक्षरा सिंह ने एक पारंपरिक सुहागिन महिला का रूप धारण किया है, जो अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखते हुए माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करती नजर आ रही हैं। अक्षरा का यह भावनात्मक और श्रद्धा से भरपूर अंदाज़ दर्शकों को तीज के पर्व की पवित्रता और संस्कृति से जोड़ रहा है।

इस गाने को पूरी तरह अक्षरा सिंह पर ही फिल्माया गया है, और उनके साथ कई अन्य महिलाएं पारंपरिक तीज पूजा में भाग लेती नजर आ रही हैं।

अक्षरा सिंह ने इस गाने की झलक अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भी साझा की है। कैप्शन में उन्होंने लिखा “तीज का बहुत सुंदर गीत आ गया है अक्षरा सिंह ऑफिसियल पर। देखिए और प्यार दीजिए। बने रहिए, बहुत जल्द और भी अच्छे-अच्छे गाने आने वाले हैं।”

अक्षरा सिंह का इससे पहले 17 अगस्त को रिलीज हुआ गाना ‘मिस्टेक हो गया’ भी फैंस को काफी पसंद आया था। वह गाना भी अक्षरा सिंह के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था और उसमें भी उन्होंने सिंगिंग और परफॉर्मेंस दोनों में दर्शकों का दिल जीता।

हरितालिका तीज उत्तर भारत, खासकर यूपी और बिहार में सुहागिन महिलाओं द्वारा बड़े श्रद्धा भाव से मनाया जाता है। महिलाएं इस दिन निर्जला व्रत रखती हैं और माता पार्वती के साथ भगवान शिव की पूजा करती हैं, ताकि उनके पति को लंबी उम्र और सुख-समृद्धि मिले।