KNEWS DESK- “जो होता है अच्छे के लिए होता है” – ये कहावत रिंकू सिंह के लिए फिलहाल सटीक नहीं बैठती। एशिया कप 2025 की भारतीय टीम में चयन के बाद जब रिंकू सिंह पहली बार मैदान पर उतरे, तो फैंस को उनसे एक धमाकेदार पारी की उम्मीद थी। लेकिन UP T20 League 2025 के अपने दूसरे मैच में रिंकू का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा। उनकी टीम मेरठ मैवरिक्स को भी हार का सामना करना पड़ा और उनके प्रदर्शन ने फैंस को हैरान कर दिया।
19 अगस्त को लखनऊ फाल्कंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रिंकू सिंह ने 19 गेंदों पर सिर्फ 23 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 121.05 रहा और इस पारी में एक भी छक्का शामिल नहीं था। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात ये रही कि उन्हें एक 20 साल के युवा स्पिनर पर्व सिंह ने बोल्ड कर पवेलियन भेजा।
यह वही रिंकू सिंह हैं जिनसे बड़े मंचों पर बड़े शॉट्स की उम्मीद की जाती है। लेकिन पर्व सिंह की चतुराई भरी फिरकी ने उन्हें ऐसा उलझाया कि उनकी गिल्लियां उड़ गईं। वीडियो क्लिप्स में देखा जा सकता है कि कैसे रिंकू को यह गेंद पूरी तरह चकमा दे गई और स्टंप्स उखड़ गए।
रिंकू सिंह के आउट होने के बाद स्टेडियम में मौजूद फैंस सन्न रह गए। जो खिलाड़ी IPL और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने धमाकेदार हिट्स के लिए जाना जाता है, वह एक घरेलू टूर्नामेंट में संघर्ष करता नजर आया।
फैंस के साथ-साथ क्रिकेट विशेषज्ञ भी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि एशिया कप 2025 UAE में खेला जाना है, जहां पिचें आमतौर पर स्पिन फ्रेंडली होती हैं। ऐसे में रिंकू की स्पिन के खिलाफ कमजोरी भारतीय टीम के लिए एक चिंता का विषय बन सकती है।
मेरठ मैवरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 150 रन बनाए। रिंकू सिंह की धीमी पारी और जल्दी आउट हो जाना टीम के स्कोर पर भारी पड़ा। जवाब में लखनऊ फाल्कंस ने यह लक्ष्य 8 गेंद शेष रहते हुए 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
यह रिंकू सिंह की टीम मेरठ मैवरिक्स की दो मैचों में पहली हार थी। और इसमें टीम के कप्तान की धीमी बल्लेबाज़ी और अहम मौके पर विकेट गंवाना निर्णायक साबित हुआ।
इस मैच में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह थे पर्व सिंह। मात्र 20 साल की उम्र में उन्होंने रिंकू सिंह जैसे अनुभवी और आक्रामक बल्लेबाज को जिस तरह से क्लीन बोल्ड किया, वह उनकी गेंदबाज़ी क्षमता और आत्मविश्वास को दर्शाता है। UP T20 League जैसे मंच पर इस तरह का प्रदर्शन उन्हें भविष्य में बड़ी पहचान दिला सकता है।