ISS से लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत, PM मोदी से करेंगे मुलाकात

KNEWS DESK- अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में जाकर इतिहास रचने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला रविवार सुबह भारत लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, इसरो प्रमुख वी. नारायणन समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति एयरपोर्ट पहुंचे।

शुभांशु की वतन वापसी के साथ ही पूरे देश में गर्व और उत्साह का माहौल है। उनकी पत्नी कामना और बेटे कियाश ने भी एयरपोर्ट पर उन्हें गले लगाकर भावुक स्वागत किया। लगभग एक साल बाद घर लौटे शुभांशु अमेरिका में एक्सिओम-4 मिशन के तहत प्रशिक्षण ले रहे थे, जिसके बाद उन्होंने आईएसएस की ऐतिहासिक यात्रा पूरी की।

शुभांशु शुक्ला सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे अंतरिक्ष की अपनी यात्रा के अनुभव साझा करेंगे। इसी उपलक्ष्य में केंद्र सरकार ने लोकसभा में एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव भी रखा है। चर्चा का विषय है:
“अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का पहला अंतरिक्ष यात्री – विकसित भारत 2047 के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की भूमिका।” यह चर्चा भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में तेजी से बढ़ते कदम और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है।

शुभांशु के पिता शंभुदयाल शुक्ल ने कहा, “हम एक महीने से उनके आने का इंतजार कर रहे थे। अब जब वह सकुशल लौट आए हैं, तो पूरे परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है।” उनकी मां आशा देवी लखनऊ में स्वागत की तैयारियों में जुटी हैं।

शुभांशु के 25 अगस्त को लखनऊ पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जहां उनके सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा।

अब जब शुभांशु सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यात्रा कर चुके हैं, माना जा रहा है कि उन्हें भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान (2027) में अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। एक्सिओम-4 मिशन के जरिए मिले अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

भारत वापसी से पहले शुभांशु ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट में लिखा, “मिशन के बाद पहली बार अपने सभी दोस्तों, परिवार और देश के सभी लोगों से मिलने के लिए इतना उत्साहित हूं।” उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लाखों लोगों ने उन्हें बधाई दी।