KNEWS DESK- भारत के लिए गौरव का क्षण तब आया जब अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल मिशन के बाद अपने वतन लौटे। उनकी इस ऐतिहासिक वापसी पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया।
शुभांशु शुक्ला ने 25 जून 2025 को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष की उड़ान भरी थी और 18 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए। इस मिशन के दौरान उन्होंने वैज्ञानिक प्रयोगों के साथ-साथ अंतरिक्ष में मानव जीवन से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाईं। 15 जुलाई को वे धरती पर लौटे और एक महीने तक अमेरिका में मेडिकल जांच और पुनर्वास प्रक्रिया से गुजरने के बाद आज भारत पहुंचे।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका स्वागत एक जश्न की तरह मनाया गया। ढोल-नगाड़ों और भारत माता की जय के नारों के बीच जैसे ही शुभांशु बाहर आए, देशभक्ति का माहौल गूंज उठा। उनकी पत्नी कामना शुक्ला और बेटा भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे।
इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने खुद शुभांशु का स्वागत किया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “कैप्टन शुभांशु शुक्ला की वापसी देश के लिए गर्व का विषय है। उनके साथ ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी थे, जो गगनयान मिशन के लिए चयनित हैं और इस मिशन के बैकअप एस्ट्रोनॉट के रूप में नामित थे।”
शुभांशु शुक्ला की यह यात्रा भारत के अंतरिक्ष मिशनों के लिए एक नया अध्याय साबित हुई। भारत, अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के चार देशों के चार अंतरिक्ष यात्रियों के साथ मिलकर उन्होंने यह मिशन पूरा किया। इस मिशन ने वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग और भारत की तकनीकी क्षमता को विश्व मंच पर प्रदर्शित किया।
बताया जा रहा है कि जल्द ही शुभांशु शुक्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। जब वे अंतरिक्ष में थे, तब पीएम मोदी ने उनसे संवाद किया था और उन्हें भविष्य में मिलने का न्योता दिया था। स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री ने भी उनका विशेष उल्लेख कर भारत को गौरवान्वित करने के लिए शुभकामनाएं दी थीं।