KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन परिसर में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य का भी नाम है। जब उत्तर प्रदेश का प्रत्येक नागरिक एक स्वर और एक भाव से अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों का पालन करेगा, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का ‘विकसित भारत’ का सपना साकार हो पाएगा।”
उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई जैसे क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि यह पावन दिवस उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान की अमूल्य देन है।
पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी दफ्तरों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरियों, नाट्य प्रस्तुतियों और गीत-संगीत के माध्यम से देशप्रेम की भावना को जीवंत किया।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी थी। इस बीच आम जनता ने पूरे जोश के साथ कार्यक्रमों में भाग लिया और सोशल मीडिया के माध्यम से भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं साझा कीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में युवाओं से अपील की कि वे देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार का कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।