डिजिटल डेस्क- संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त गांव मैंघरा में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के चार बच्चे पशु चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इस दौरान वे गांव के बाहर जंगल में गंगा की बाढ़ से बने गहरे गड्ढे में नहाने लगे। पानी का बहाव और गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण सभी चारों बच्चे डूब गए। बच्चों के शोर मचाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
तीन बच्चों को निकाला सकुशल बाहर
बचाव कार्य करते हुए ग्रामीणों ने किसी तरह तीन बच्चों को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन 15 वर्षीय एक लड़का लापता हो गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे का शव पानी से बरामद हुआ।

घटना से पूरे गांव में मातम फैल गया। मृतक के पिता रामदीन ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह पशु चराने गया था और उन्हें नहीं पता था कि वह नहाने के लिए गहरे पानी में चला जाएगा।
ग्रामीणों ने की पुख्ता इंतजाम करने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि गंगा की बाढ़ से खेतों और जंगलों में जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों का कारण बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।