बिहारः बाढ़ प्रभावित जिलों का हाल जानने निकले सीएम नीतीश, आपदा प्रबंधन विभाग पहुंच किया निरीक्षण, दिए अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

डिजिटल डेस्क- मानसून के आते ही बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में जल का स्तर इतना अधिक बढ़ गया है कि लोग पलायन करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। सरकार की तरफ से बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए हरसंभव मदद की जा रही है। इन बाढ़ पीड़ित जिलों में सरकार की सजगता और अधिकारियों के किए जा रहे कार्यों की परख करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के कंट्रोल रूम पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों की स्थितियों पर जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान कंट्रोल रूम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों को सजग रहने के निर्देश जारी किए।

लगातार बढ़ रहे जलस्तर की ली जानकारी

सीएम नीतीश ने बिहार के जिलों में और उससे हुए नुकसान की जानकारी हासिल की। इसके साथ ही बारिश से कितने क्षेत्रों में स्थिति गंभीर बनी हुई है इस तथ्य पर भी गौर किया। सीएम नीतीश कुमार ने राज्य की नदियों के जलस्तर का क्या हाल है, कौन-सी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही और किस इलाके में बाढ़ आने की संभावना है, इन सभी चीजों को लेकर जानकारी अधिकारियों से ली। जिसके बाद उन्होंने तमाम अधिकारियों को अलर्ट रहने का आदेश दिया।

बारिश से हुआ किसानों को फायदा- सीएम नीतीश

इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र बहुत उपयोगी केन्द्र है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 24 घंटे संचालित यह केन्द्र बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है जिसका लाभ राज्य के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में अच्छी वर्षा होने से किसानों को रोपनी कार्य में फायदा हो रहा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर संबंधित अधिकारी अलर्ट मोड में रहें और एसओपी के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखें।