KNEWS DESK – टीवी की दुनिया का सबसे चर्चित और बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ इस अगस्त से एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने लौट रहा है। जैसे-जैसे प्रीमियर डेट नजदीक आ रही है, शो से जुड़ी एक-एक करके अहम जानकारियां सामने आ रही हैं। इस बार शो की थीम और टास्क्स को लेकर पहले ही उत्साह बना हुआ है, वहीं अब दो कंटेस्टेंट्स के नामों ने दर्शकों की एक्साइटमेंट को और भी बढ़ा दिया है।
हुनर हाली और श्रीराम चंद्रा बने पहले कन्फर्म कंटेस्टेंट्स
मीडिया रिपोर्ट्स और बिग बॉस से जुड़े सोशल मीडिया पेजों के मुताबिक, टीवी एक्ट्रेस हुनर हाली और मशहूर सिंगर श्रीराम चंद्रा को ‘बिग बॉस 19’ के लिए कन्फर्म कर दिया गया है। कुछ दिन पहले इन दोनों के नाम चर्चा में थे कि मेकर्स ने इन्हें शो के लिए अप्रोच किया है। अब जानकारी आ रही है कि बातचीत पूरी हो चुकी है और दोनों ही सेलेब्रिटीज इस सीजन का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
हुनर हाली: छोटे पर्दे की चर्चित अदाकारा
हुनर हाली ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत पॉपुलर शो ‘कहानी घर घर की’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘गृहस्थी’, ‘ससुराल गेंदा फूल’, ‘एक बूंद इश्क’, ‘दहलीज’ और ‘थपकी प्यार की’ जैसे शोज़ में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। हालांकि, पिछले दिनों एक ऊप्स मोमेंट की वजह से वे सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं और ट्रोलिंग का शिकार भी हुईं। अब बिग बॉस में उनकी एंट्री, उन्हें एक नई पहचान और मंच दे सकती है।
https://www.instagram.com/p/DM0PAp1yy–/
श्रीराम चंद्रा: सुरों के धनी, अब गेम के मैदान में
श्रीराम चंद्रा, जिन्हें लोग ‘इंडियन आइडल सीजन 5’ के विनर के रूप में जानते हैं, अब ‘बिग बॉस’ के घर में अपने अलग ही अंदाज़ में नजर आएंगे। तेलुगु इंडस्ट्री में प्लेबैक सिंगिंग से पहचान बना चुके श्रीराम ने हिंदी और साउथ के कई गानों को अपनी आवाज़ दी है। इसके अलावा वह कई म्यूजिकल रियलिटी शोज को होस्ट भी कर चुके हैं। अब वह रियलिटी शो के एक कंटेस्टेंट के रूप में दर्शकों से जुड़ेंगे।
हालांकि, शो के मेकर्स ने अब तक इन दोनों सितारों की एंट्री पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ना ही हुनर हाली और ना ही श्रीराम चंद्रा ने इस खबर की पुष्टि की है। लेकिन सोशल मीडिया पर आ रही रिपोर्ट्स और फैंस की प्रतिक्रिया से साफ है कि दर्शक इन दोनों को शो में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।