रूस के कामचटका प्रायद्वीप में आया 8.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप, कई देशों में सुनामी अलर्ट जारी

KNEWS DESK- रूस के सुदूर पूर्व में स्थित कामचटका प्रायद्वीप बुधवार सुबह एक भीषण भूकंप से कांप उठा। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 8.8 मापी गई, जबकि जापान की मौसम एजेंसी ने प्रारंभिक अनुमान में इसे 8.0 बताया था। इस शक्तिशाली भूकंप के बाद रूस ही नहीं, बल्कि जापान, अमेरिका, न्यूजीलैंड और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है।

USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र रूस के पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की शहर से 133 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था और यह 74 किलोमीटर की गहराई में आया। एक अन्य रिपोर्ट में USGS ने भूकंप की गहराई को 19.3 किलोमीटर भी बताया है। यह क्षेत्र पहले भी कई बार शक्तिशाली भूकंपों का गवाह रह चुका है।

कामचटका से सामने आए वीडियो बेहद डरावने हैं, जिनमें इमारतें हिलती हुई नजर आ रही हैं। एक वायरल वीडियो में एक घर के भीतर रखा फर्नीचर इधर-उधर खिसकता दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर समुद्र के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे तटीय इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।

जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने प्रशांत तट पर 1 मीटर ऊंची सुनामी की चेतावनी जारी की है। जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइडो से यह भूकंप लगभग 250 किलोमीटर दूर आया, हालांकि वहां झटके हल्के महसूस किए गए।

अमेरिका के अलास्का, कैलिफोर्निया, ओरेगन, वॉशिंगटन और हवाई जैसे क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया है। अलास्का के अल्यूशियन द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में सुनामी चेतावनी लागू कर दी गई है।

न्यूजीलैंड की नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (NEMA) ने चेतावनी दी है कि इस भूकंप के कारण अनियमित और खतरनाक समुद्री धाराएं और बड़ी लहरें उत्पन्न हो सकती हैं। तैराकों, मछुआरों और तटवर्ती लोगों से समुद्र से दूर रहने की अपील की गई है। इंडोनेशिया की जियोफिजिक्स एजेंसी ने भी भूकंप के बाद 0.5 मीटर से कम ऊंची सुनामी लहरों की चेतावनी जारी की है।

अब तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन झटकों की तीव्रता और समुद्र में आए उफान को देखते हुए अधिकारियों द्वारा राहत और बचाव कार्यों को अलर्ट पर रखा गया है। कई स्थानों पर बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित होने की खबरें भी हैं।

गौरतलब है कि कामचटका क्षेत्र में इससे पहले 4 नवंबर 1952 को भी 9.0 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिससे हवाई में 9.1 मीटर ऊंची सुनामी लहरें उठी थीं। हाल ही में जुलाई की शुरुआत में भी इस क्षेत्र में 7.4 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए थे।