डिजिटल डेस्क- बिहार में चुनाव के नजदीक आते ही पार्टियों में हलचल मची हुई है। एक ओर सीएम नीतीश कुमार नए-नए ऐलान कर वोटरों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की तरफ से महागठबंधन नीतीश कुमार के फैसलों और चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेकर लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है। इन सब के बीच विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश साहनी ने नया ऐलान कर दिया है। मुकेश साहनी ने कहा कि बिहार के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 60 सीटों में दावेदारी करेगी। बाकी सीटों पर अन्य सहयोगी दलों के साथ प्रत्याशियों को उतारा जाएगा।
एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कल सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ऐलान किया कि हमारी पार्टी इस साल 2025 में 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि शेष सभी सीटों पर हमारे सहयोगी दलों के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें कि विकासशील इंसान पार्टी बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की अगुवाई वाले महागठबंधन का हिस्सा है। महागठबंधन में आरजेडी और कांग्रेस के अलावा तीनों वाम दल, पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा भी शामिल हैं। ऐसे में क्या आरजेडी एक क्षेत्रीय दल को चुनाव लड़ने के लिए 60 सीटें देगी, जबकि वह इतनी सीट तो कांग्रेस को भी नहीं देना चाह रही है।

तेजस्वी यादव को बताया है सीएम का चेहरा
हाल ही में सहनी ने पटना में आयोजित एक समारोह के दौरान महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का भावी चेहरा बताया। उन्होंने कहा कि 2025 में हमारी सरकार बनेगी और बिहार के अगले मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे। इसमें उपमुख्यमंत्री बिहार के अतिपिछड़ा समाज से, मल्लाह समाज का बेटा होगा। इस बयान से साफ है कि सहनी खुद को उपमुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार के तौर पर पेश कर रहे हैं।