KNEWS DESK- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भी उत्तर प्रदेश में कृषि क्षेत्र सबसे बड़ा रोजगारदाता है। राज्य के लगभग तीन करोड़ किसान अपनी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर हैं। इसके बाद MSME सेक्टर में सबसे अधिक 1.65 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि “कृषि को पलायन का कारण नहीं, बल्कि खुशहाली का माध्यम बनाना होगा।”
मुख्यमंत्री योगी उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (UPCAR) के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने इस मौके पर प्रदर्शनी का अवलोकन किया, पुस्तिकाएं व न्यूजलेटर का विमोचन किया और कृषि क्षेत्र में योगदान देने वालों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक कृषि अनुसंधान का लाभ सीधे किसानों तक नहीं पहुंचेगा, तब तक खेती खुशहाली का साधन नहीं बन पाएगी। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों और शोध संस्थानों से आह्वान किया कि वे अपने शोध को प्रयोग से उत्पादन तक लाएं। “प्रदेश के केवल 25-30% किसान ही वैज्ञानिक पद्धति को प्रभावी रूप से खेती में लागू कर पा रहे हैं। यह चिंता का विषय है।” — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने बताया कि यूपी में देश की आबादी का 16% हिस्सा निवास करता है लेकिन देश की कृषि योग्य भूमि का केवल 11% यूपी के पास है। इसके बावजूद 20% से अधिक खाद्यान्न उत्पादन यूपी में हो रहा है। अगर वैज्ञानिक खेती, शोध और तकनीक का समुचित उपयोग हो, तो यह उत्पादन तीन गुना तक बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी 4 कृषि विश्वविद्यालय पहले से चला रहा है, 5वां कृषि विश्वविद्यालय जल्द स्थापित होने जा रहा है।केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा 15 से अधिक कृषि अनुसंधान संस्थान संचालित किए जा रहे हैं। प्रदेश में 89 कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को विशेषज्ञता का लाभ दे रहे हैं। “यूपी ऐसा इकलौता राज्य है जिसका 86% से अधिक भूभाग सिंचित है। हमारे पास उपजाऊ भूमि, जल संसाधन और मजबूत अनुसंधान ढांचा है।” — सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारत 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है, तब उत्तर प्रदेश को भी अपना रोडमैप स्पष्ट करना होगा। उन्होंने कहा कि कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग जैसे क्षेत्रों में लॉन्ग टर्म और शॉर्ट टर्म प्लानिंग जरूरी है। “हमें 2027, 2029 और 2035 की स्थिति का अनुमान लगाकर अभी से तैयारी करनी होगी। यही दृष्टिकोण यूपी को विकसित राज्य बनाएगा।” — योगी आदित्यनाथ