KNEWS DESK – सलमान खान का बहुप्रतीक्षित रियलिटी शो बिग बॉस एक बार फिर चर्चा में है। शो के 19वें सीजन की तैयारियां जोरों पर हैं और कंटेस्टेंट्स को लेकर कयासबाज़ी भी शुरू हो चुकी है। कई सितारों के नाम सामने आ चुके हैं, जिनमें से एक नाम अभिनेत्री डेजी शाह का भी था। सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही थीं कि डेजी भी इस सीजन का हिस्सा बन सकती हैं। लेकिन अब खुद डेजी शाह ने इस पर प्रतिक्रिया दी है और इन सभी खबरों को अफवाह करार दिया है।
डेजी शाह ने किया साफ इनकार
डेजी शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्होंने साफ-साफ कहा कि वह बिग बॉस 19 का हिस्सा नहीं बन रही हैं। उन्होंने लिखा, “सभी अफवाहों को खत्म करते हुए, मैं बिग बॉस नहीं कर रही हूं और शायद कभी नहीं करूंगी। धन्यवाद!” इस स्टेटमेंट के बाद ये बात बिल्कुल साफ हो गई है कि डेजी शाह की बिग बॉस के घर में एंट्री की खबरें पूरी तरह झूठी थीं।

बिग बॉस 19 की तैयारियां जोरों पर
हालांकि शो के मेकर्स की ओर से अभी तक कंटेस्टेंट की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर सितारों के नामों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। जैसे ही कोई नाम सामने आता है, दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ जाती है। डेजी शाह का नाम भी इन्हीं चर्चित नामों में शामिल था, लेकिन अब उनकी तरफ से सफाई आने के बाद फैंस को निराशा जरूर हुई होगी।
डेजी शाह का करियर ग्राफ
डेजी शाह को सलमान खान के साथ फिल्म जय हो से बड़ी पहचान मिली थी। फिल्म में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी और सलमान के साथ उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया था। फिल्मों से पहले डेजी कोरियोग्राफर गणेश आचार्य की असिस्टेंट रह चुकी हैं। उन्होंने 2011 में कन्नड़ फिल्म भद्रा से अभिनय में कदम रखा था।
हाल ही में डेजी भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ एक म्यूजिक वीडियो में नजर आई थीं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। कुछ लोगों ने उन्हें भोजपुरी गाने में देखकर हैरानी जताई, तो कुछ ने उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा।