साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने 7 साल बाद लिया अलग होने का फैसला, इंस्टाग्राम पर साझा किया भावुक संदेश

KNEWS DESK-  भारत की बैडमिंटन जगत से एक भावुक खबर सामने आई है। देश की स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल और उनके पति पारुपल्ली कश्यप ने लगभग सात साल की शादी के बाद अलग होने का निर्णय लिया है। इस बात की जानकारी खुद साइना नेहवाल ने रविवार को एक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए साझा की।

साइना ने अपने संदेश में लिखा “कभी-कभी जिंदगी हमें अलग राहों पर ले जाती है। काफी सोच-विचार और बातचीत के बाद, मैंने और पारुपल्ली कश्यप ने अलग होने का फैसला लिया है। हम शांति, आत्म-विकास और मानसिक रूप से स्वस्थ जीवन को प्राथमिकता दे रहे हैं—खुद के लिए और एक-दूसरे के लिए। मैं बीते पलों के लिए आभारी हूं और आगे के सफर के लिए कश्यप को शुभकामनाएं देती हूं। कृपया इस समय हमारी निजता का सम्मान करें और समझने के लिए धन्यवाद।”

साइना और कश्यप की मुलाकात पहली बार 1997 में एक बैडमिंटन कैंप के दौरान हुई थी। हालांकि, 2002 से वे नियमित रूप से मिलना शुरू हुए, जब दोनों हैदराबाद में एक साथ ट्रेनिंग करने लगे।

2004 में पुलेला गोपीचंद द्वारा स्थापित बैडमिंटन अकादमी में दोनों ने ट्रेनिंग शुरू की और यहीं से उनके रिश्ते को मजबूती मिली। 2004 के विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक-दूसरे को डेट करने लगे। लंबे समय तक रिश्ते में रहने के बाद दिसंबर 2018 में हैदराबाद में दोनों ने शादी कर ली।

साइना नेहवाल भारत की पहली महिला बैडमिंटन सुपरस्टार मानी जाती हैं। उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचाया था। वह एक समय वर्ल्ड नंबर 1 भी रह चुकी हैं। वहीं पारुपल्ली कश्यप भी भारतीय बैडमिंटन के चमकते सितारे रहे हैं। उन्होंने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था और देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेले हैं। फिलहाल, पारुपल्ली कश्यप की ओर से इस मामले में कोई सार्वजनिक बयान नहीं आया है। हालांकि, साइना का संदेश साफ दर्शाता है कि यह फैसला आपसी सहमति और सम्मानजनक तरीके से लिया गया है।

ये भी पढ़ें-   दिल्ली के तिलक नगर में दो दोस्तों के बीच चाकूओं से खूनी संघर्ष, दोनों की मौके पर मौत