‘हमेशा के लिए एक साथ’….शेफाली जरीवाला के निधन के बाद पति पराग त्यागी ने फिर किया इमोशनल पोस्ट

KNEWS DESK –  मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 27 जून को अचानक निधन हो गया, जिससे उनके चाहने वालों को गहरा सदमा पहुंचा है। उनके फैंस और परिवार के साथ-साथ उनके पति, अभिनेता पराग त्यागी इस गम से उबरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके लिए ये वक्त बेहद मुश्किल भरा है।

हाल ही में पराग त्यागी ने अपनी दिवंगत पत्नी शेफाली की याद में एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर सबकी आंखें नम कर दीं। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई इस तस्वीर में शेफाली पराग का हाथ थामे दिख रही हैं, साथ में उनका पेट डॉग सिम्बा भी नजर आ रहा है। तीनों के हाथ एक-दूसरे के ऊपर रखे गए हैं – एक साथ रहने के वादे की तरह। पोस्ट के साथ पराग ने कैप्शन में लिखा, “हमेशा के लिए एक साथ ❤️”।

इस पोस्ट पर हजारों की संख्या में लोगों ने प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूज़र ने लिखा, “वाहेगुरु जी आप पर कृपा बनाए रखें, मजबूत बने रहें भाई।” वहीं, एक अन्य ने लिखा, “आपका दुख शब्दों से परे है, लेकिन आप अकेले नहीं हैं। शेफाली चाहती थीं कि आप खुश रहें।”

अचानक आई थी निधन की खबर

शेफाली जरीवाला के निधन की खबर ने हर किसी को चौंका दिया था। 27 जून को जैसे ही ये खबर सामने आई, किसी को विश्वास ही नहीं हुआ। ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर शेफाली ने अपने करियर में कई दिलों में जगह बनाई थी।

उनकी निजी ज़िंदगी भी फैंस के लिए एक प्रेरणा थी। 2014 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से शादी की थी। दोनों की जोड़ी अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी केमिस्ट्री और प्यार से लोगों का दिल जीतती रही है। शादी के इतने साल बाद भी दोनों बिल्कुल नए कपल की तरह एक-दूसरे पर प्यार लुटाते दिखते थे।

अब जब शेफाली इस दुनिया में नहीं हैं, पराग के लिए यह समय बेहद कठिन है। फैंस और करीबी लोग उन्हें लगातार हिम्मत दे रहे हैं, लेकिन एक जीवनसाथी को खोने का दर्द केवल वही समझ सकता है जो इस दौर से गुजर रहा हो। शेफाली की यादें और उनका मुस्कुराता चेहरा उनके चाहने वालों के दिलों में हमेशा ज़िंदा रहेंगे।