RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल ने यौन शोषण मामले में तोड़ी चुप्पी, लगाया चोरी और ठगी का आरोप

KNEWS DESK-  आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने उनके खिलाफ दर्ज यौन शोषण के मामले में पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इन आरोपों को झूठा और बदनाम करने की साजिश बताया है। इसके साथ ही यश दयाल ने शिकायतकर्ता लड़की पर आईफोन, लैपटॉप चोरी करने और लाखों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है।

7 जुलाई 2025 को गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहने वाली एक युवती ने यश दयाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। लड़की का आरोप है कि यश दयाल ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया और भरोसे का गलत फायदा उठाया। पीड़िता का यह भी दावा है कि वह दयाल के परिवार से भी मिल चुकी है।

अब यश दयाल ने प्रयागराज के खुल्दाबाद थाने में तीन पन्नों की लिखित शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने लड़की पर चोरी और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा “हमारी बातचीत 2021 में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी। धीरे-धीरे लड़की ने अपने इलाज और परिजनों के इलाज के नाम पर मुझसे लाखों रुपये लिए। वादा किया कि पैसा लौटा देगी, लेकिन अब तक एक पैसा वापस नहीं किया।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लड़की ने उनका आईफोन और लैपटॉप भी चुरा लिया है। यश दयाल ने प्रयागराज पुलिस से FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जहां एक ओर लड़की यौन शोषण और झूठे वादों की बात कर रही है, वहीं यश दयाल ने इस पूरे प्रकरण को साजिश और आर्थिक धोखाधड़ी का रूप दे दिया है। दोनों पक्षों के आरोपों के बाद मामला कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर काफी जटिल होता जा रहा है।

  • गाजियाबाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • यश दयाल की शिकायत पर प्रयागराज पुलिस की कार्रवाई अब देखी जानी बाकी है।

  • मामला दो अलग-अलग शहरों और कानूनी दावों में बंट गया है, जिससे केस की दिशा और भी उलझती जा रही है।

ये भी पढ़ें-  कानपुरः एक ही कार्यालय में विराजमान हुए दो अधिकारी, एक बोला- हाई कोर्ट का आर्डर है, दूसरा बोला- शासन ने मुझे भेजा है