डिजिटल डेस्क- गुजरात के वड़ोदरा में महिसागर नदी में बना गंभीरा पुल बुधवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। महिसागर नदी पर वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल सुबह अचनाक से ढह गया। पुल के टूटने से कई वाहन नदी में गिर गए। घटना के बाद गुजरात के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि पुल हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने अभी तक चार लोगों को बचा लिया है। प्रशासन की तरफ से बचाव कार्य जारी है।
सुबह 07ः30 बजे टूटा पुल
जानकारी के अनुसार आज सुबह एक ट्रक, एक वैन और एक कार पुल पार कर रहे थे तभी पुल टूट गया, जिससे सभी वाहन नीचे नदी में गिर गए। पुल ढहने के तुरंत बाद, स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया। पुलिस और डिजास्टर रिस्पोंस टीम मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड ऑफिसर्स ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई।
43 साल पहले बना था पुल
जानकारी के मुताबिक यह बात सौराष्ट्र से आने वाले बड़े वाहन टोल टैक्स से बचने के लिए इस पुल का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि, वडोदरा कलेक्टर के अनुसार, यातायात के लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया है। महिसागर नदी पर बना यह पुल 43 साल पहले बनाया गया था। गंभीरा पुल को सुसाइड पॉइंट के नाम से भी जाना जाता है। इसे मरम्मत की ज़रूरत थी, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं हुई।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता अमित चावड़ा ने भी गंभीरा पुल के टूटने का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने इसे लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। गंभीरा पुल लंबे समय से खराब अवस्था में था। इसे लेकर प्रशासन से कई शिकायतें की गईं, मगर उनपर कोई कार्रवाई नहीं हुई।