KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश आज एक ऐतिहासिक पर्यावरणीय पहल का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे राज्य में “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर वृक्षारोपण महाअभियान-2025 की शुरुआत की गई। इस अभियान के अंतर्गत राज्यभर में एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे प्रदेश को हरित क्रांति की ओर अग्रसर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और आजमगढ़ में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उनके साथ प्रदेश के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान जनसंवाद भी किया और कार्बन क्रेडिट योजना के अंतर्गत सात किसानों को चेक भी सौंपे।
राज्यव्यापी भागीदारी
-
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बाराबंकी,
-
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ,
-
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी मंत्री अपने-अपने जिलों में रहकर इस अभियान में भाग ले रहे हैं।
इस अभियान में 26 विभागों और लगभग 25 करोड़ नागरिकों की सक्रिय सहभागिता हो रही है, जो इसे देश का सबसे बड़ा जनसहभागिता आधारित वृक्षारोपण कार्यक्रम बनाता है। अभियान के लिए 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं, जिनमें से आज 37 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया गया। लखनऊ मंडल में सर्वाधिक पौधरोपण हो रहा है। वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण विभाग मिलकर 14 करोड़ से अधिक पौधे लगाएंगे। सभी सरकारी कार्यालय, विद्यालय और संस्थान अर्ध-दिवसीय अवकाश लेकर पौधरोपण में भाग ले रहे हैं।
पौधों की सुरक्षा और सिंचाई के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड का उपयोग किया जा रहा है। बैंकों और निजी कंपनियों को रोपण क्षेत्रों को गोद लेने, सिंचाई और रखरखाव हेतु संसाधन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
वृक्षारोपण अभियान की प्रगति को जिलेवार वृक्षारोपण सॉफ़्टवेयर पर रीयल-टाइम में ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। जनता और अधिकारी पौधरोपण की हर गतिविधि को https://pmsupfd.org/plantingprogress.html लिंक के माध्यम से मोबाइल या कंप्यूटर पर देख सकते हैं।